
रामकृष्ण मिशन की गौरवशाली मानव सेवा के 100 वर्ष पूरे
सेवा और सांस्कृतिक विरासत का पांच दिवसीय महोत्सव आज से
कार्यक्रम में शामिल होंगे रामकृष्ण मिशन अध्यक्ष श्रीमद् स्वामी गौतमनंदजी महाराज समेत कई प्रदेशों के रामकृष्ण मठाध्यक्ष, भगवान रामकृष्ण परमहंस की संगमरमर प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा करेंगे रामकृष्ण मिशन के अध्यक्ष, सीएम योगी ने रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम की उल्लेखनीय मानव सेवा की सराहना की
लखनऊ : रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम, लखनऊ अपने गौरवशाली 100 वर्षों की मानव सेवा, आध्यात्मिक साधना एवं समाज कल्याण की यात्रा के उपलक्ष्य में 17 से 21 नवंबर, 2026 तक पांच दिवसीय शताब्दी समारोह का आयोजन कर रहा है। इस ऐतिहासिक अवसर पर रामकृष्ण मठ एवं रामकृष्ण मिशन, बेलूड़ मठ के अध्यक्ष परम पूज्य श्रीमत् स्वामी गौतमानंदजी महाराज सहित देश के विभिन्न प्रांतों से रामकृष्ण मठ एवं मिशन के वरिष्ठ संन्यासी, अध्यक्ष एवं पदाधिकारी शामिल होंगे। इस पांच दिवसीय समारोह का प्रमुख आकर्षण 18 नवंबर को रामकृष्ण मिशन के अध्यक्ष परम पूज्य श्रीमत् स्वामी गौतमानंदजी महाराज के करकमलों द्वारा भगवान श्रीरामकृष्ण परमहंस की भव्य संगमरमर की प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा होगी। इस अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना, शोभायात्रा एवं चंडी पाठ का आयोजन भी किया जाएगा। कबीर मठ, निराला नगर में आयोजित प्रेस वार्ता में रामकृष्ण मिशन सेवा आश्रम लखनऊ के सचिव एवं रामकृष्ण मठ के अध्यक्ष स्वामी मुक्तिनाथानंद ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि समारोह के दौरान विभिन्न आध्यात्मिक एवं समसामयिक विषयों पर कई सार्वजनिक सभाएं आयोजित होंगी। इनमें वर्तमान युग में श्रीरामकृष्ण, मां सारदा देवी एवं स्वामी विवेकानंद की प्रासंगिकता, आध्यात्मिक जीवन पर कृत्रिम बुद्धिमत्ता (ए.आई.) का प्रभाव, श्रीरामकृष्ण की प्रतिमा की पूजा का आध्यात्मिक महत्व, रामकृष्ण आंदोलन के विस्तार में मां सारदा देवी की भूमिका तथा अखंड भारत के निर्माण में धार्मिक सद्भाव को लेकर स्वामी विवेकानंद की दृष्टि जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर देश-विदेश के विद्वान संन्यासी अपने विचार व्यक्त करेंगे। इस अवसर पर अमेरिका के न्यूयॉर्क स्थित वेदांत सोसाइटी के स्वामी सर्वप्रियानन्द जी भी विशेष व्याख्यान देंगे। इसके अतिरिक्त बेलूड़ मठ एवं रामकृष्ण मिशन के वरिष्ठ संन्यासियों तथा देश के विभिन्न केंद्रों से पधारने वाले संत-महात्माओं के उद्बोधन समारोह को विशेष गरिमा प्रदान करेंगे।

स्वामी मुक्तिनाथानंद ने बताया कि समारोह के अंतर्गत 20 नवंबर को विभिन्न रामकृष्ण मठों एवं मिशन केंद्रों से जुड़े संन्यासी, सेवाश्रम के पदाधिकारी एवं गणमान्य श्रद्धालुओं के संस्मरणों एवं स्मृतियों पर आधारित एक विशेष सभा आयोजित की जाएगी। इस सत्र में सेवाश्रम की गौरवशाली सौ वर्षों की यात्रा, उसकी आध्यात्मिक एवं मानवीय सेवा गतिविधियों तथा उससे जुड़े आत्मीय अनुभवों को साझा किया जाएगा। पांच दिवसीय आयोजन में विशेष पूजा, सप्तशती हवन, चंडी पाठ, देवीनाम संकीर्तन, काली कीर्तन, रामनाम संकीर्तन एवं भजन-संध्या के साथ-साथ देश के प्रतिष्ठित शास्त्रीय संगीत कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी होंगी। इनमें संतूर वादन प0. दिशारी चक्रवर्ती, नई दिल्ली द्वारा संतूर वादन की प्रस्तुति देगें तबले पर उनके साथ खलीफा उस्ताद इल्मास हुसैन ख़ान, लखनऊ संगति करेंगे।
आयोजन में भारतीय शास्त्रीय गायन पं0 संजीव अभ्यंकर, पुणे द्वारा भारतीय शास्त्रीय गायन की प्रस्तुति देंगे तथा तबले पर अजिंक्य जोशी एवं अभिषेक शिंकर, पुणे तथा हारमोनियम पर दिनकर द्विवेदी संगत करेंगे। समारोह के अंतिम दिन, 21 नवंबर को अयोध्या स्थित श्रीरामलला मंदिर के दर्शन हेतु विशेष यात्रा का आयोजन किया जाएगा। इसके उपरांत रामकृष्ण मठ, लखनऊ के मुख्य मंदिर में रामनाम संकीर्तन तथा स्वामी सुबोधानंदजी महाराज के जीवन एवं उपदेशों पर विशेष प्रवचन होगा। सायंकाल सास्त्रीय कार्यक्रम के अन्तगर्त पद्मश्री पं.द्वारा सरोद वादन की प्रस्तुति तेजेन्द्र नारायण मजूमदार, कोलकाता उनके साथ तबला संगत पं.रामदास पलसुले, पुणे देंगे।
स्वामी मुक्तिनाथानंद ने कहा कि रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम, लखनऊ का यह शताब्दी समारोह केवल एक संस्थान की सौ वर्षों की यात्रा का उत्सव नहीं, बल्कि मानव सेवा, आध्यात्मिक चेतना, धार्मिक सद्भाव और समाज कल्याण के उन आदर्शों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराने का अवसर है, जिनका संदेश भगवान श्रीरामकृष्ण, मां सारदा देवी और स्वामी विवेकानंद ने पूरे विश्व को दिया। ‘शिव ज्ञाने जीव सेवा’ अर्थात प्रत्येक जीव में शिव का दर्शन करते हुए मानव सेवा करना ही रामकृष्ण मिशन का मूल आदर्श है।



