उत्तर प्रदेशराज्यलखनऊ

जीवन की वास्तविकताओं को पहचानें और प्रकृति से जुड़ें : डा.मल्लिका साराभाई

अन्तर्राष्ट्रीय सांस्कृतिक महोत्सव ‘सेलेस्टा इण्टरनेशनल-2026’ का भव्य समापन

लखनऊ : सिटी मोन्टेसरी स्कूल, अलीगंज प्रथम कैम्पस द्वारा आयोजित चार दिवसीय अन्तर्राष्ट्रीय साँस्कृतिक महोत्सव ‘सेलेस्टा इण्टरनेशनल-2026’ के समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि बोलते हुए पद्म भूषण डा. मल्लिका साराभाई, डायरेक्टर, दर्पण एकेडमी ऑफ परफार्मिंग आर्ट्स, ने युवा पीढ़ी का आह्वान किया कि जीवन की वास्तविकताओं को पहचानें और प्रकृति से जुड़े। डा. साराभाई ने आगे कहा कि आज हम प्रकृति की वास्तविक दुनिया से दूर होकर मोबाइल एवं स्क्रीन की आभासी दुनिया तक सीमित होते जा रहे हैं। प्रकृति से दूरी हमें वास्तविकता से भी दूर ले जाती है। इस महोत्सव ने भावी पीढ़ी को प्रकृति से जोड़ने का सराहनीय कार्य किया है।

उन्होंने महोत्सव की प्रशंसा करते हुए कहा कि ‘जय जगत’ एवं ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ जैसे प्रभावशाली विचार हमें विश्व मानवता के सतत् विकास एवं उत्थान के लिए प्रेरित करते हैं और यही भावना इस महोत्सव में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है। इससे पहले, मुख्य अतिथि डा. मल्लिका साराभाइ ने दीप प्रज्वलित कर सेलेस्टा इण्टरनेशनल-2026 के समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह का उद्घाटन किया एवं विजयी प्रतिभागियों को पुरष्कृत कर सम्मानित किया। रंगारंग शिक्षात्मक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच सी.एम.एस. कानपुर रोड ऑडिटोरियम में सम्पन्न हुए पुरस्कार वितरण व समापन समारोह में केईएस एस.वी.पी.वी. विद्यालय एवं टी.पी. भाटिया कालेज ऑफ साइंस, मुंबई, महाराष्ट्र, की छात्र टीम ने ओवरऑल चैम्पियनशिप ट्राफी जीतकर अपनी प्रतिभा व मेधा का परचम लहराया जबकि सर पदमपद सिंघानिया स्कूल, कोटा, राजस्थान ने रनर-अप ट्राफी अपने नाम की।

इस अवसर पर देश-विदेश से पधारे प्रतिभागी छात्रों व टीम लीडरों ने एक स्वर से कहा कि सी.एम.एस. का विश्व एकता एवं विश्व बन्धुत्व की भावना सारे विश्व में प्रवाहित कर रहा है, जिससे आने वाली पीढ़ी एक नये शान्तिपूर्ण विश्व समाज में सांस ले सके। विदित हो कि सी.एम.एस. अलीगंज प्रथम कैम्पस द्वारा 22 से 25 अगस्त तक आयोजित सेलेस्टा इण्टरनेशनल-2026 में थाईलैण्ड, श्रीलंका, नेपाल व देश के विभिन्न प्रान्तों से पधारे 500 से अधिक छात्रों ने बेहद उत्साह से प्रतिभाग किया और उनमें कुछ नया कर दिखाने का जज्बा दिखाई दिया।

समापन अवसर पर सेलेस्टा इण्टरनेशनल-2026 की संयोजिका एवं सी.एम.एस. अलीगंज प्रथम कैम्पस की प्रधानाचार्या शिवानी सिंह ने कहा कि यहाँ उपस्थित सभी छात्रों में गजब की प्रतिभा है और यही प्रतिभा एक दिन हमें विश्व एकता व विश्व शान्ति के मुकाम पर पहुँचाएगी। इस महोत्सव के माध्यम से एकता, शान्ति, सौहार्द व भाईचारा की जो लहर प्रारम्भ हुई है उसे रुकना नहीं चाहिए। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अगले सेलेस्टा में विश्व के और देशों से छात्र यहाँ पधारेंगे और अपने प्रतिभा प्रदर्शन से विश्व मानवता के उत्थान का बिगुल बजायेंगे।

Related Articles

Back to top button