मध्य प्रदेशराज्य

शहडोल में सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की समीक्षा, उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने दिए ये निर्देश

भोपाल: उप मुख्यमंत्री एवं शहडोल जिले के प्रभारी मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों और प्रस्तावित गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को अभियान के तहत होने वाले सभी कार्यक्रमों का व्यवस्थित और प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित करने के लिए भी कहा।

उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि अभियान के दौरान सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाई जाए। इसके साथ ही पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।

17 सितंबर को होंगे रक्तदान शिविर

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने 17 सितंबर को आयोजित होने वाले रक्तदान शिविरों की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि शिविरों में एकत्रित किए जाने वाले रक्त का व्यवस्थित संधारण और सुरक्षित रख-रखाव सुनिश्चित किया जाए। रक्तदान शिविरों के सफल आयोजन के लिए जरूरी व्यवस्थाएं पहले से पूरी करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए।

जनसेवा संकल्प यात्रा में जनसंवाद पर जोर

जनसेवा संकल्प यात्रा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए उप मुख्यमंत्री ने यात्रा के दौरान निर्धारित सभी कार्यक्रमों को तय योजना के अनुसार आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने यात्रा में शामिल दल और स्थानीय लोगों के बीच प्रभावी संवाद सुनिश्चित करने को कहा।

यात्रा में शामिल लोगों के ठहरने और भोजन की उचित व्यवस्था के साथ निर्धारित मार्ग और कार्यक्रम के अनुसार सभी जरूरी इंतजाम पूरे करने के निर्देश दिए गए। संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया।

स्कूल-कॉलेजों में होंगी निबंध और रंगोली प्रतियोगिताएं

सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के विद्यालयों और महाविद्यालयों में निबंध एवं रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। उप मुख्यमंत्री ने इन प्रतियोगिताओं को व्यवस्थित तरीके से कराने और संबंधित तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।

आंगनवाड़ी केंद्रों में ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने आंगनवाड़ी केंद्रों में आयोजित होने वाले ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम की तैयारियों की भी जानकारी ली। उन्होंने निर्धारित सभी गतिविधियों का व्यवस्थित आयोजन कराने के निर्देश दिए। साथ ही आंगनवाड़ी केंद्रों में होने वाले कार्यक्रमों की नियमित निगरानी और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा।

अधिकारियों ने तैयारियों की दी जानकारी

कलेक्टर पार्थ जायसवाल और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी शिवम प्रजापति ने सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों और उनकी तैयारियों की जानकारी दी। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान जैतपुर विधायक जयसिंह मरावी, जिला योजना समिति सदस्य अमिता चपरा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button