उत्तर प्रदेशराज्य

यूपी के इस जिले में 12वीं तक के स्कूल आज बंद, भारी बारिश के बीच डीएम ने जारी किया आदेश

जौनपुर: उत्तर प्रदेश के जौनपुर में लगातार हो रही बारिश और कई इलाकों में जलभराव को देखते हुए मंगलवार 18 अगस्त को कक्षा 1 से 12 तक के सभी विद्यालय बंद रखने का आदेश दिया गया है। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन के निर्देश पर प्रशासन ने सभी संबंधित विद्यालयों में अवकाश घोषित किया है। आदेश का पालन नहीं करने वाले विद्यालयों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

जिला प्रशासन के आदेश के मुताबिक जौनपुर में परिषदीय, मान्यता प्राप्त, सहायता प्राप्त, सीबीएसई, आईसीएसई और उत्तर प्रदेश बोर्ड से संचालित सभी विद्यालय मंगलवार को बंद रहेंगे। संबंधित अधिकारियों, प्रधानाचार्यों और विद्यालय प्रबंधनों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।

लगातार बारिश के कारण जिले के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में विद्यार्थियों को स्कूल आने-जाने में होने वाली परेशानी और संभावित जोखिम को देखते हुए प्रशासन ने एक दिन के लिए विद्यालय बंद रखने का फैसला किया है।

जौनपुर समेत कई जिलों में बारिश का अलर्ट

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मंगलवार को बारिश का पूर्वानुमान है। कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर और बहराइच समेत कई जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।

सोनभद्र में बारिश से घरों में घुसा पानी

सोनभद्र में रविवार रात हुई तेज बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। कुछ घरों में पानी घुस गया, जबकि कई स्थानों पर सड़कें पानी में डूब गईं। बारिश के कारण एक पुलिया बह जाने से आवागमन भी प्रभावित हुआ।

राबर्ट्सगंज नगर के धर्मशाला चौक, मंडी समिति के सामने और आसपास के कई इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया। धर्मशाला चौक और नई बस्ती में कुछ घरों में भी बारिश का पानी पहुंच गया। रविवार रात करीब 10 बजे से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला सोमवार सुबह तक रुक-रुककर जारी रहा।

बीजपुर स्थित एनटीपीसी परिसर में जलभराव के बीच फंसे सात लोगों को जवानों ने सुरक्षित बाहर निकाला। लगातार बारिश के कारण जहां लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा, वहीं मौसम सुहाना होने से उमस भरी गर्मी से राहत भी मिली।

Related Articles

Back to top button