झारखण्डराज्य

17 दिन बाद खुला सनसनीखेज हत्याकांड! पत्नी ने प्रेमी संग रची साजिश, पति का सिर काटकर जंगल में जलाया धड़; पुलिस ने ऐसे सुलझाई गुत्थी

रांची: झारखंड की राजधानी रांची के बुंडू इलाके में सामने आए दिल दहला देने वाले हत्याकांड का पुलिस ने 17 दिन बाद खुलासा कर दिया है। पुलिस ने पति की हत्या कराने के आरोप में उसकी पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जांच में सामने आया कि दोनों ने मिलकर पहले युवक की हत्या कराई, फिर पहचान छिपाने के लिए उसका सिर धड़ से अलग कर दिया और धड़ पर पेट्रोल छिड़ककर जंगल में आग लगा दी।

मामले की शुरुआत 19 जून को हुई थी, जब बुंडू थाना क्षेत्र के सुमानडीह गांव के पास महादेवटांड़ जंगल में एक अज्ञात व्यक्ति का अधजला और बिना सिर का शव मिला था। शव की हालत देखकर पुलिस को अंदेशा हुआ कि पहचान छिपाने के उद्देश्य से अपराधियों ने सिर काटने के बाद धड़ को आग के हवाले कर दिया था।

टैटू बना पुलिस के लिए सबसे बड़ा सुराग

मृतक की पहचान करना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती थी। जांच के दौरान पुलिस की नजर शव के दाहिने हाथ की कलाई पर बने टैटू पर पड़ी, जिस पर “संजय राय पाल” लिखा था। इसी सुराग के आधार पर ग्रामीण एसपी के निर्देशन में विशेष जांच टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों, वैज्ञानिक जांच और गुप्त सूचनाओं की मदद से पुलिस मृतक के घर तक पहुंची और उसकी पहचान तमाड़ थाना क्षेत्र के मांझी टोला निवासी 27 वर्षीय संजय लोहरा के रूप में हुई।

दो साल से चल रहा था प्रेम संबंध, पति बना बाधा

पुलिस जांच में सामने आया कि संजय लोहरा की पत्नी सुबोधनी देवी का पिछले करीब दो वर्षों से तमाड़ के धोबी टोला निवासी रमन कुमार सेठ के साथ प्रेम संबंध था। हाल ही में संजय को इस संबंध की जानकारी मिल गई थी, जिसके बाद पति-पत्नी के बीच विवाद बढ़ने लगा। पुलिस के मुताबिक, इसी के बाद पत्नी और उसके प्रेमी ने संजय को रास्ते से हटाने की साजिश रची।

शादी में जाने का बहाना बनाकर बुलाया

पुलिस के अनुसार, 18 जून को सुबोधनी देवी ने अपने पति से कहा कि दोनों को सोनाहातु क्षेत्र में एक शादी समारोह में जाना है। संजय अपनी पत्नी को बाइक पर बैठाकर निकल पड़ा। रास्ते में सोनाहातु थाना क्षेत्र के आड़िया सतिया नदी के किनारे पत्नी ने शौच जाने का बहाना बनाकर बाइक रुकवाई और नदी की ओर चली गई।

घात लगाकर बैठे आरोपियों ने कर दी हत्या

जांच में पुलिस ने बताया कि उसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे रमन कुमार सेठ अपने दो अन्य साथियों के साथ कार से वहां पहुंचे। सभी ने मिलकर संजय लोहरा पर लाठी-डंडों से हमला किया और उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को कार में रखकर बुंडू के सुमानडीह जंगल ले जाया गया।

सिर काटकर अलग किया, धड़ को पेट्रोल डालकर जलाया

पुलिस के मुताबिक, जंगल में आरोपियों ने धारदार हथियार (चापड़) से संजय का सिर धड़ से अलग कर दिया। साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से धड़ पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी गई, जबकि कटा हुआ सिर तमाड़ के रानी वन जंगल में जमीन के नीचे दबा दिया गया।

बाइक छोड़कर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश

वारदात के बाद आरोपियों ने पुलिस को भटकाने के लिए संजय की बाइक तमाड़ के बबईकुढ़ी के पास लावारिस हालत में छोड़ दी। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर रानी वन जंगल में खुदाई कर मृतक का कटा हुआ सिर बरामद किया गया।

हत्या में इस्तेमाल हथियार और वाहन भी जब्त

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान हत्या में इस्तेमाल किया गया धारदार हथियार (चापड़), वारदात में प्रयुक्त कार, दो मोबाइल फोन और मृतक की बाइक भी बरामद कर जब्त कर ली है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Related Articles

Back to top button