उत्तर प्रदेशराज्य

पैर में गोली लगते ही टूट गई खामोशी! 50 हजार का इनामी समेत 4 शातिर चोर गिरफ्तार, बैग से 11 लाख नकद और हथियार बरामद

सुलतानपुर: उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ के बाद 50 हजार रुपये के इनामी अपराधी समेत चार शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया गया। कार्रवाई के दौरान तीन बदमाश गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 11 लाख रुपये नकद, अवैध हथियार, कारतूस, गहने और एक जीप बरामद की है।

पुलिस के अनुसार जयसिंहपुर थाना क्षेत्र में गश्त के दौरान पीढ़ी टोल के पास सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति एक वाहन में घूम रहे हैं और क्षेत्र में चोरी की वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी गई।

घेराबंदी होते ही पुलिस पर झोंकी गोलियां

अधिकारियों के मुताबिक जब पुलिस ने संदिग्धों की घेराबंदी कर उन्हें रोकने का प्रयास किया तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि तीन बदमाश घायल हो गए। सभी घायलों को जयसिंहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।

50 हजार का इनामी निकला गिरोह का सरगना

अपर पुलिस अधीक्षक ब्रजनारायण सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में सीतापुर जिले के नरेंद्रपुर गांव निवासी अनिकेत चौहान शामिल है, जिस पर करीब 52 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। इसके अलावा सीतापुर के बीबीपुर गांव निवासी आकाश को गिरफ्तार किया गया, जिसके खिलाफ 46 मामले दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार गिरोह में शामिल सीतापुर के मथुआपुर गांव निवासी मिथिलेश चौहान पर 26 मुकदमे दर्ज हैं, जबकि सुलतानपुर के बीबीपुर इमलिया निवासी अजय उर्फ अनंत राम के खिलाफ 22 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

बैग खुलते ही सामने आया लाखों का माल

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन देसी पिस्तौल, 22 कारतूस, लगभग 11 लाख रुपये नकद, एक जीप और चोरी के गहने बरामद किए हैं। बरामदगी के बाद पुलिस टीम भी हैरान रह गई, क्योंकि आरोपियों के पास बड़ी मात्रा में नकदी और चोरी का सामान मिला।

पूछताछ में कबूले कई जिलों में चोरी के राज

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कई पड़ोसी जिलों में लंबे समय से चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। उन्होंने यह भी बताया कि वे एक और चोरी की घटना को अंजाम देने के इरादे से इलाके में पहुंचे थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।

Related Articles

Back to top button