झारखण्डराज्य

झारखंड में SIR अभियान तेज: रांची में 23 मई को जारी होगी अन-मैप्ड वोटर लिस्ट, मतदान केंद्रों पर जांच सकेंगे नाम

रांची: झारखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत रांची जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। जिले के सभी मतदान केंद्रों पर 23 मई को अन-मैप्ड मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इस सूची में उन मतदाताओं का विवरण होगा, जिनके नाम वर्ष 2003 की पिछली एसआईआर मतदाता सूची से अब तक मैप नहीं हो सके हैं।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी-सह-सचिव, मंत्रिमंडल (निर्वाचन) विभाग, झारखंड के निर्देश पर जिला प्रशासन ने इसकी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रांची मंजूनाथ भजंत्री के निर्देशानुसार जिले के सभी सात विधानसभा क्षेत्रों में यह सूची उपलब्ध कराई जाएगी।

सभी विधानसभा क्षेत्रों में उपलब्ध रहेगी सूची

प्रशासन के मुताबिक तमाड़, सिल्ली, खिजरी, रांची, हटिया, कांके और मांडर विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक मतदान केंद्र पर अन-मैप्ड मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। मतदाता 23 मई को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर सूची में अपना नाम जांच सकेंगे।

यदि किसी मतदाता का नाम पूर्व की मतदाता सूची से अब तक मैप नहीं हुआ है, तो वह मौके पर मौजूद बीएलओ से संपर्क कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर सकेगा।

बीएलओ की उपस्थिति अनिवार्य

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों और सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि सभी मतदान केंद्रों पर सूची का प्रकाशन समय पर सुनिश्चित किया जाए। साथ ही संबंधित बीएलओ की उपस्थिति भी अनिवार्य रूप से रहे, ताकि मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

इसके अलावा जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी और जिला शिक्षा अधीक्षक को भी निर्देश दिए गए हैं कि उनके विभाग से जुड़े बीएलओ और बीएलओ पर्यवेक्षकों की उपस्थिति निर्धारित समय तक मतदान केंद्रों पर सुनिश्चित कराई जाए।

मतदाताओं से प्रशासन की अपील

जिला प्रशासन ने उन सभी मतदाताओं से अपील की है, जिनका नाम पूर्व की मतदाता सूची से अब तक मैप नहीं हुआ है, वे 23 मई को अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर सूची में अपना नाम अवश्य जांचें और जरूरी प्रक्रिया पूरी कराएं।

Related Articles

Back to top button