उत्तर प्रदेश

जमीन के झगड़े की पंचायत से लौट रहे सपा नेता को गोली मारी, छानबीन में जुटी पुलिस

महराजगंज: यूपी के महराजगंज जिले के फरेंदा से भूमि विवाद की पंचायत करके लौट रहे सपा नेता शरद यादव को अपाची सवार बदमाशों ने कैम्पियरगंज के सरूआताल के पास गोली मार दी। गोली उनके दाहिने हाथ में लगी। परिजनों ने उनको बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है। वहां डॉक्टर ने सपा नेता की हालत खतरे से बाहर बताई है।

संतकबीरनगर जनपद के धर्मसिंहवा थाना क्षेत्र के गहबा निवासी शरद यादव सपा के प्रदेश के पदाधिकारी हैं। शनिवार को अपने मौसेरे भाई आशीष यादव के भूमि विवाद के मामले में फरेंदा में पंचायत में शामिल होने गए। दोपहर बाद तीन बजे वह लोहरपुरवा-शिवपुर चौराहे मार्ग से लौट रहे थे। सरूआताल के किनारे लघुशंका के लिए चार पहिया से उतरकर सड़क किनारे जा रहे थे। तभी बाइक सवार दो युवक पहुंचे।

उनमें से एक ने तमंचा निकालकर सपा नेता पर गोली दाग दी। दाहिने हाथ में गोली लगते ही वह नीचे गिर पड़े। उनके साथ मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। घायल को आनन-फानन में बीआरडी मेडिकल कॉलेज ले गए। इसकी सूचना पाकर पुलिस ने जांच की। मौके पर कोई नहीं मिला तो पुलिस ने सूचना को गलत बताया। बाद में जब पीड़ित के भर्ती होने की बात सामने आई तो एसओ अनूप सिंह मेडिकल कॉलेज पहुंचे। पीड़ित से जानकारी लेकर पुलिस घटना की छानबीन में जुटी है।

Related Articles

Back to top button