उत्तर प्रदेश

यूपी में आंधी-बारिश और बिजली का कहर: 24 की मौत, 15 घायल; सीएम योगी ने दिए मुआवजे के निर्देश, जानें आगे कैसा रहेगा मौसम

उत्तर प्रदेश में बीते दो दिनों से जारी खराब मौसम ने भारी तबाही मचाई है। तेज आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं में अब तक 24 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 15 लोग घायल बताए जा रहे हैं। इसके अलावा 16 पशुओं की भी जान गई है। इस आपदा के बाद प्रदेशभर में सतर्कता बढ़ा दी गई है और प्रशासन को राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने जताया दुख, 24 घंटे में मुआवजे का निर्देश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि घायलों को तुरंत बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जाए। साथ ही, जानमाल के नुकसान के मामलों में 24 घंटे के भीतर मुआवजा सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए हैं।

प्रभावितों को राहत देने की प्रक्रिया तेज

राज्य सरकार ने आंधी, आग, ओलावृष्टि और अत्यधिक वर्षा से प्रभावित लोगों और किसानों को राहत पहुंचाने की प्रक्रिया तेज कर दी है। आधिकारिक बयान के अनुसार, बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से कई जिलों में फसलों को भारी नुकसान हुआ है। बुधवार से लगातार रुक-रुक कर हो रही बारिश ने हालात और बिगाड़ दिए हैं।

अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि जनहानि, पशुहानि और आपदा से प्रभावित लोगों को राहत देने में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी जिलों के अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने और हर स्थिति पर नजर बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि राहत कार्यों में तेजी लाई जा सके।

ओलावृष्टि से फसलों को भारी नुकसान, किसानों की बढ़ी चिंता

खराब मौसम का सबसे ज्यादा असर किसानों पर पड़ा है। आम की फसल समेत कई फसलें बर्बाद हो गई हैं। मांझी क्षेत्र के एक किसान दिनेश ने बताया कि उनके पास 40-50 बीघा जमीन है, लेकिन तेज आंधी और बारिश से पूरी फसल गिर गई। उन्होंने बताया कि उन्होंने करीब 6 लाख रुपये का निवेश किया था, जो पूरी तरह नुकसान में बदल गया। उन्होंने सरकार से मदद की अपील की है।

अब कैसा रहेगा मौसम, क्या मिलेगी राहत?

मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार से प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में कमी आ सकती है। पूर्वी उत्तर प्रदेश और तराई क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी की संभावना बनी हुई है। शनिवार से तापमान में बढ़ोतरी के संकेत हैं, जिससे गर्मी फिर बढ़ सकती है।

हालांकि 4 मई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिसके असर से प्रदेश के कुछ हिस्सों में एक बार फिर हल्की बारिश देखने को मिल सकती है। फिलहाल प्रशासन और मौसम विभाग दोनों ही हालात पर नजर बनाए हुए हैं।

Related Articles

Back to top button