
चंडीगढ़: हरियाणा पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी कार्यक्षमता और साहस का परिचय दिया है। वर्ष 2026 के प्रतिष्ठित केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक के लिए हरियाणा STF के 10 अधिकारियों और कर्मचारियों का चयन किया गया है। इन पुलिसकर्मियों को खुफिया जानकारी जुटाने और आतंकवाद विरोधी विशेष अभियानों में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर को इन पदकों की घोषणा की गई थी।
इंटेलिजेंस श्रेणी में चार पुलिसकर्मी चयनित
खुफिया जानकारी जुटाने की श्रेणी में STF के एसएसपी वसीम अकरम, डीएसपी प्रदीप, सब इंस्पेक्टर वरुण और सिपाही वरुण जांगड़ा को पदक के लिए चुना गया है। वहीं, विशेष अभियान यानी आतंकवाद विरोधी कार्रवाई की श्रेणी में डीएसपी अमन कुमार, सब इंस्पेक्टर गौरव सिंह, रणदीप सिंह, कपिल और संदीप के साथ सिपाही साजन सिंह को सम्मानित किया जाएगा।
2024 में शुरू हुआ था यह राष्ट्रीय सम्मान
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इस पदक की शुरुआत 1 फरवरी 2024 को की थी। इसका उद्देश्य पुलिस बलों के अधिकारियों और कर्मचारियों के असाधारण पेशेवर कौशल, कर्तव्यनिष्ठा, विशिष्ट सेवा और चुनौतीपूर्ण अभियानों में उत्कृष्ट योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान देना है। यह सम्मान विशेष अभियान (आतंकवाद विरोधी कार्रवाई), उत्कृष्ट अनुसंधान, फॉरेंसिक विज्ञान और खुफिया जानकारी जैसी अहम श्रेणियों में दिया जाता है।
DGP अजय सिंघल ने दी बधाई
हरियाणा के पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए पदक के लिए चयनित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल चयनित पुलिसकर्मियों की व्यक्तिगत सफलता नहीं है, बल्कि पूरे हरियाणा पुलिस बल के सामूहिक समर्पण, टीमवर्क और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक है। डीजीपी ने उम्मीद जताई कि इन पुलिसकर्मियों की उपलब्धि प्रदेश के अन्य जवानों को भी पूरी ईमानदारी और प्रतिबद्धता के साथ अपने दायित्व निभाने के लिए प्रेरित करेगी।
आतंकी नेटवर्क के खिलाफ अभियान में 24 गिरफ्तारियां
विशेष अभियान श्रेणी में STF को यह सम्मान पाकिस्तान में सक्रिय आतंकी शहजाद भट्टी के नेटवर्क के खिलाफ चलाए गए व्यापक आतंकवाद विरोधी अभियान में मिली सफलता के लिए दिया गया है। इस कार्रवाई के दौरान हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में फैले आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया गया। अभियान में कुल 24 आतंकियों और उनके सहयोगियों को गिरफ्तार किया गया।
जॉर्जिया से भगोड़े अपराधी का कराया प्रत्यर्पण
STF की टीम ने संगठित अपराध के खिलाफ भी अहम कार्रवाई की। हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी, जबरन वसूली और अवैध हथियारों समेत 34 गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित अंबाला निवासी भगोड़े अपराधी वेंकट गर्ग को जॉर्जिया से भारत वापस लाने यानी प्रत्यर्पित कराने में टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।



