मध्य प्रदेशराज्य

सतना में आवारा कुत्ते का तांडव: 40 लोगों को काटा, जान बचाकर भागे लोग, शहर में फैली दहशत

सतना : मध्य प्रदेश (MP) के सतना (Satna) में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है. यहां एक आवारा कुत्ते (Stray Dog) ने शहर के अलग-अलग इलाकों में लोगों पर अटैक कर दिया. इसमें करीब 40 लोग (40 People Bitten) घायल हो गए, जिन्हें तत्काल इलाज के लिए सतना के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया. सभी घायलों का इलाज चल रहा है. उन्हें एंटी-रेबीज वैक्सीन लगाई जा रही है.

एजेंसी के अनुसार, जिला अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. शरद दुबे ने बताया कि यह घटना शहर के गहरा नाला क्षेत्र से लेकर अस्पताल चौक तक के बीच हुई. कुत्ते ने अचानक लोगों पर हमला करना शुरू कर दिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए. घायलों में से कई लोग उस समय बाजार या काम के लिए बाहर निकले हुए थे. अस्पताल चौक पर घायल हुए सुंदरलाल साकेत ने बताया कि वह चाय खरीदने के लिए दुकान पर आए थे, तभी एक भूरे रंग का कुत्ता अचानक उन पर झपट पड़ा और उन्हें काट लिया. उन्होंने कहा कि मैं किसी तरह अपनी जान बचाकर भागा, लेकिन मेरे सामने ही उस कुत्ते ने लगभग 8-10 अन्य लोगों पर भी हमला कर दिया.

स्थानीय लोगों के अनुसार, कुत्ता काफी आक्रामक हो गया था और लोगों को निशाना बना रहा था. कुछ लोगों ने डंडे और पत्थर लेकर उसे भगाने की कोशिश भी की, लेकिन तब तक वह कई लोगों को घायल कर चुका था. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल हो गया. लोगों ने नगर निगम प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा है कि शहर में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन उनकी रोकथाम के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं.

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सभी घायलों को एंटी-रेबीज इंजेक्शन दिए जा रहे हैं और उनकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है. डॉक्टरों का कहना है कि समय पर इलाज मिलने से सभी मरीजों की स्थिति स्थिर है. स्थानीय प्रशासन ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए अभियान चलाने की बात कही है. नगर निगम की टीम को इलाके में भेजा गया है, ताकि ऐसे खतरनाक जानवरों को पकड़ा जा सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके. इससे पहले भी मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के महू क्षेत्र में इसी तरह की घटना सामने आई थी, जहां एक कुत्ते ने कई लोगों पर हमला किया था.

Related Articles

Back to top button