
पटना: बिहार में आय से अधिक संपत्ति के एक मामले में विशेष निगरानी इकाई ने लघु जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता हरेंद्र कुमार के पांच ठिकानों पर छापेमारी की। जांच के दौरान पटना में दो फ्लैट, कई भूखंड, लाखों रुपये के गहने और नकदी समेत बड़ी संख्या में संपत्ति से जुड़े दस्तावेज बरामद किए गए हैं। SVU के मुताबिक, हरेंद्र कुमार ने करीब 11 साल की सरकारी सेवा के दौरान कथित तौर पर अपनी आय से अधिक संपत्ति अर्जित की।
प्रारंभिक जांच में हरेंद्र कुमार के पास 2 करोड़ 20 लाख 99 हजार 900 रुपये की आय से अधिक संपत्ति होने की जानकारी सामने आई है। कार्यपालक अभियंता और उनकी पत्नी कुमारी सोनी के नाम अचल संपत्ति से जुड़े आठ दस्तावेज भी मिले हैं, जिनका मूल्य 1 करोड़ 43 लाख 33 हजार रुपये बताया गया है। छापेमारी के दौरान करीब 81 लाख रुपये के गहने और 12 लाख 92 हजार 500 रुपये नकद भी बरामद किए गए।
पटना से वैशाली और बांका तक पांच ठिकानों पर कार्रवाई
विशेष निगरानी इकाई ने मंगलवार को हरेंद्र कुमार से जुड़े पटना में दो स्थानों के अलावा वैशाली के पातेपुर और बांका स्थित कार्यालय तथा किराये के मकान में तलाशी ली। पटना के पत्रकार नगर थाना क्षेत्र के महावीर नगर स्थित जनक नंदनी अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 307 में भी छापेमारी की गई। इसके अलावा वैशाली के पातेपुर स्थित सिमरवारा गांव में हरेंद्र कुमार के पिता मिश्री लाल महतो के पैतृक आवास की भी तलाशी ली गई।
बांका में कार्यपालक अभियंता के कार्यालय और किराये के आवास को भी खंगाला गया। जांच एजेंसी का कहना है कि तलाशी के दौरान प्राथमिकी में दर्ज संपत्ति से अधिक संपत्ति होने के साक्ष्य मिले हैं।
पत्नी के नाम कई जमीन और फ्लैट
जांच के दौरान सामने आए दस्तावेजों के मुताबिक हरेंद्र कुमार की पत्नी कुमारी सोनी के नाम बेऊर चौराहे के पास 12 लाख 47 हजार रुपये की जमीन है। पातेपुर, वैशाली में उनके नाम 3 लाख 12 हजार रुपये का एक प्लॉट भी दर्ज है।
महावीर नगर, पटना स्थित जनक नंदनी अपार्टमेंट में अभियुक्त और उनकी पत्नी के नाम 71 लाख 72 हजार रुपये का फ्लैट बताया गया है। इसके अलावा पत्नी के नाम संपतचक में 4 लाख 38 हजार रुपये और दानापुर में 15 लाख रुपये का प्लॉट भी मिला है।
हरेंद्र कुमार के नाम भी कई संपत्तियां
जांच के मुताबिक हरेंद्र कुमार के नाम महुआ, पातेपुर, वैशाली में 5 लाख 50 हजार रुपये का प्लॉट है। इसके अलावा मीठापुर, पटना में कृषि फॉर्म के पास अंशुल होम्स 7 प्लैनेट के फ्लैट नंबर 207 से जुड़ी 26 लाख 76 हजार रुपये की संपत्ति का भी उल्लेख किया गया है। पत्नी सोनी कुमारी के नाम मौजा फजीलाबाद, परसा, पटना में भी एक प्लॉट मिला है, जिसकी कीमत 4 लाख 38 हजार रुपये बताई गई है।
बैंक खातों और दस्तावेजों की भी जांच
छापेमारी के दौरान हरेंद्र कुमार और उनकी पत्नी के नाम भारतीय स्टेट बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा और बंधन बैंक में कुल पांच बैंक खातों की जानकारी मिली है। इन खातों में काफी राशि जमा होने की संभावना जताई गई है। तलाशी के दौरान जब्त किए गए दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
कार और महंगी वस्तुओं के बिल भी मिले
SVU की कार्रवाई में एक क्विड रेनो कार, होंडा यूनिकॉर्न बाइक और यामाहा फासिनो स्कूटी समेत कई महंगी वस्तुओं से जुड़े वाउचर और बिल भी बरामद किए गए हैं। विशेष निगरानी इकाई ने हरेंद्र कुमार के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई थाने में आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का मामला दर्ज किया है। बरामद दस्तावेजों और संपत्तियों की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।



