छत्तीसगढ़राज्य

मुख्यमंत्री निवास में धूमधाम से मनाया गया तीजा-पोरा तिहार, छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति और परंपराओं के रंग में रंगा आयोजन

रायपुर: मुख्यमंत्री निवास में शनिवार को तीजा-पोरा तिहार के अवसर पर विशेष आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के आतिथ्य में हुए इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने हिस्सा लिया। आयोजन के दौरान मुख्यमंत्री निवास में छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक परंपरा, संस्कृति और त्योहारों की खास झलक देखने को मिली।

तीजा महिलाओं के लिए मायके, परिवार और रिश्तों की भावनाओं से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। वहीं पोरा तिहार खेती-किसानी और पशुधन के प्रति आस्था व सम्मान का प्रतीक माना जाता है। इस अवसर पर मिट्टी से बनाए गए नंदी-बैल और पारंपरिक खिलौनों की पूजा की जाती है।

लोकगीत, नृत्य और झूलों से सजा उत्सव

तीजा-पोरा तिहार की रौनक गांवों से लेकर शहरों तक देखने को मिल रही है। पर्व के दौरान लोकगीत, पारंपरिक नृत्य, झूले और छत्तीसगढ़ी पकवान उत्सव के माहौल को और खास बना रहे हैं। मुख्यमंत्री निवास में आयोजित कार्यक्रम में भी छत्तीसगढ़ की पारंपरिक संस्कृति और लोक जीवन की झलक नजर आई।

बड़ी संख्या में महिलाओं ने लिया हिस्सा

मुख्यमंत्री निवास में हुए आयोजन में मंत्री गजेंद्र यादव, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और रायपुर महापौर मीनल चौबे शामिल हुईं। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की पत्नी वीणा सिंह और उनकी बहू के साथ बड़ी संख्या में महिलाओं ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

तीजा-पोरा तिहार के इस आयोजन में छत्तीसगढ़ की पारंपरिक मान्यताओं, कृषि संस्कृति और पारिवारिक रिश्तों से जुड़े पर्व की विविध रंगों में झलक देखने को मिली।

Related Articles

Back to top button