मध्य प्रदेशराज्य

भोपाल में बर्थडे पार्टी के बाद सड़क पर आतंक, नशे में धुत युवकों ने तेज रफ्तार कार से कई लोगों को रौंदा

भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में शनिवार रात बर्थडे पार्टी के बाद कुछ युवकों ने तेज रफ्तार कार से जमकर उत्पात मचाया। नशे में धुत युवकों ने शहर की सड़कों पर करीब 10 से 12 किलोमीटर तक हाईवोल्टेज ड्रामा किया और रास्ते में कई लोगों, वाहनों और ठेलों को टक्कर मार दी। हादसे में कई लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।

बताया जा रहा है कि शनिवार रात करीब 9 से 9:30 बजे के बीच बैरागढ़ इलाके में कुछ युवक जन्मदिन मनाने के लिए एकत्र हुए थे। इनमें सर्वा दुबे, आदित्य, तुषार खरे और संभव जायसवाल सहित अन्य युवक शामिल थे। पार्टी के दौरान शराब पीने के बाद सभी युवक टोयोटा हाइराइडर कार में सवार होकर निकले।

तेज रफ्तार कार से मचाया कहर

जानकारी के मुताबिक शुरुआत में आदित्य कार चला रहा था, लेकिन स्टेशन के पास उसने कार की ड्राइविंग सर्वा दुबे को सौंप दी। इसके बाद सर्वा दुबे ने तेज रफ्तार में कार दौड़ाना शुरू कर दिया। रास्ते में कई बाइक, ठेले और राहगीर उनकी कार की चपेट में आ गए।

कीर्ति मेडिकल के पास से शुरू हुआ यह तांडव अशोका गार्डन, अयोध्या नगर, कोलार रोड और मीनाल इलाके तक जारी रहा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार बेहद तेज रफ्तार में थी और चालक नियंत्रण खो चुका था।

पुलिस आरक्षक को भी मारी टक्कर

उत्पात के दौरान आरोपियों ने एक पुलिस आरक्षक को भी टक्कर मार दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमा अलर्ट हो गया। शहर के तीन थानों की पुलिस ने तुरंत कार का पीछा शुरू किया। काफी देर तक पीछा करने के बाद पुलिस ने करीब 10 से 12 किलोमीटर दूर मीनाल इलाके के पास कार को रोककर आरोपियों को पकड़ लिया।

भीड़ ने घेरा, पुलिस ने मुश्किल से बचाया

लगातार हादसों से गुस्साए लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। लोगों ने आरोपियों को घेर लिया और स्थिति तनावपूर्ण हो गई। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने हस्तक्षेप किया और आरोपियों को भीड़ के बीच से सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है, जबकि एक आरोपी के फरार होने की आशंका जताई जा रही है।

घायलों की संख्या अब तक स्पष्ट नहीं

हादसे में घायल लोगों को अयोध्या नगर और अशोका गार्डन इलाके के अस्पतालों में भर्ती कराए जाने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि अब तक घायलों की आधिकारिक संख्या स्पष्ट नहीं हो पाई है, लेकिन घायल लोगों की संख्या अधिक बताई जा रही है।

पुलिस बोली- होगी सख्त कार्रवाई

बजरिया थाना प्रभारी शिल्पा गौरव ने घटना को बेहद गंभीर बताया है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button