उत्तर प्रदेशराज्य

गोरखपुर में ताबड़तोड़ धमाकों से दहला इलाका, पुलिस चौकी के सामने चाय की दुकान में फटे 3 सिलेंडर, आग लगते ही मची भगदड़

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में बुधवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब असुरन इलाके में पुलिस चौकी के सामने स्थित एक चाय की दुकान में एक के बाद एक तीन एलपीजी सिलेंडर फट गए। लगातार हुए तेज धमाकों से पूरा इलाका दहल उठा और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। धमाकों के बाद लगी भीषण आग और उठते धुएं को देखकर आसपास के लोग अपने घरों और दुकानों से बाहर निकलकर भागने लगे।

सुबह करीब 5:45 बजे हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक घटना सुबह करीब 5:45 बजे सड़क किनारे स्थित पप्पू गुप्ता की चाय की दुकान पर हुई। बताया जा रहा है कि दुकान में रखे एलपीजी सिलेंडर से गैस रिसाव हो रहा था, जिसके चलते अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया।

कुछ ही मिनटों के भीतर लगातार तीन सिलेंडर तेज धमाकों के साथ फट गए। धमाकों की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।

धमाकों से इलाके में मची भगदड़

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सिलेंडर फटने की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि आसपास के लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। आग की लपटें और घना धुआं तेजी से फैलने लगा, जिससे स्थानीय दुकानदार और निवासी घबराकर बाहर निकल आए। कई लोगों ने दूर भागकर अपनी जान बचाई।

पुलिस की तत्परता से टला बड़ा हादसा

घटना स्थल पुलिस चौकी के ठीक सामने होने की वजह से पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभाल लिया। पुलिसकर्मियों ने तेजी दिखाते हुए आसपास की दुकानों और घरों को खाली कराया और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। समय रहते कार्रवाई होने से बड़ा हादसा टल गया।

दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया आग पर काबू

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। अग्निशमन कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि आग बुझाने के दौरान दुकान मालिक झुलस गया, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल उसका इलाज चल रहा है।

पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और शुरुआती जांच में गैस रिसाव को हादसे की वजह माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button