
11 अगस्त को ग्रेटर नोएडा में सजेगा देश का सबसे बड़ा बायोएनर्जी मंच, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे IBET Expo 2026 का उद्घाटन
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इंडिया बायोएनर्जी एंड टेक एक्सपो (IBET Expo) 2026 के उद्घाटन के लिए अपनी सहमति दे दी है। यह आयोजन 11 से 13 अगस्त 2026 तक ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित होगा। इस दौरान देशभर से बायोएनर्जी क्षेत्र से जुड़े नीति-निर्माता, उद्योग प्रतिनिधि, निवेशक और विशेषज्ञ एक मंच पर जुटेंगे।
आज लखनऊ में आयोजित हितधारकों की बैठक में इस घोषणा की दोबारा पुष्टि की गई। बैठक की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश सरकार के ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत मंत्री ए. के. शर्मा ने की। उनके भी उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री के साथ शामिल होने की संभावना जताई गई है।
केंद्रीय मंत्रियों की मौजूदगी की संभावना, राष्ट्रीय स्तर का होगा आयोजन

आयोजन में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी तथा नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा, उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रह्लाद जोशी के शामिल होने की संभावना है। इसके अलावा कई वरिष्ठ नीति-निर्माता और उद्योग जगत के प्रमुख प्रतिनिधियों की भी भागीदारी अपेक्षित है।
UPNEDA और IFGE के सहयोग से होगा आयोजन
आईबीईटी एक्सपो 2026 के तीसरे संस्करण का सह-आयोजन उत्तर प्रदेश नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विकास अभिकरण (UPNEDA) द्वारा किया जा रहा है। यह आयोजन इंडियन फेडरेशन ऑफ ग्रीन एनर्जी (IFGE) के सहयोग से आयोजित होगा। कार्यक्रम को सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, विद्युत मंत्रालय तथा भारत सरकार के जैव प्रौद्योगिकी विभाग का समर्थन प्राप्त है।
कम कार्बन भविष्य पर रहेगा मुख्य फोकस
इस बार आयोजन की थीम “कम कार्बन वाली दुनिया के लिए बायोएनर्जी समाधानों को आगे बढ़ाना” रखी गई है। सम्मेलन के दौरान बायोएनर्जी क्षेत्र में निवेश, नई तकनीकों, नीतिगत पहल और भविष्य की रणनीतियों पर व्यापक चर्चा होने की उम्मीद है।
IFGE ने जताई बड़ी उम्मीदें
आईएफजीई के महानिदेशक संजय गंजू ने कहा कि उत्तर प्रदेश के नेतृत्व और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा आयोजन का उद्घाटन किए जाने से आईबीईटी एक्सपो 2026 बायोएनर्जी क्षेत्र के लिए अब तक का सबसे प्रभावशाली मंच बनने की दिशा में आगे बढ़ेगा। उनके अनुसार यह आयोजन उद्योग, निवेशकों और नीति-निर्माताओं को एक साथ लाकर कम कार्बन भविष्य के लिए निवेश और रोडमैप तैयार करने का अवसर देगा।
15 हजार से अधिक प्रतिभागियों के पहुंचने का अनुमान
आयोजकों के अनुसार आईबीईटी एक्सपो 2026 में 25 से अधिक सम्मेलन सत्र आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम में 120 से अधिक वक्ता, 150 से अधिक प्रदर्शक और 15,000 से अधिक व्यावसायिक आगंतुकों के शामिल होने की संभावना है। आयोजन का उद्देश्य उत्तर प्रदेश को देश में बायोएनर्जी निवेश और नीतिगत संवाद के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करना है।




