
नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली में भीषण गर्मी का प्रकोप फिलहाल जारी है। बुधवार को भी लोगों को तेज धूप और लू का सामना करना पड़ेगा। मौसम विभाग के मुताबिक दिन का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है। हालांकि एक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से गुरुवार शाम से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। इसके बाद राजधानी में कई दिनों तक बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि बारिश और तेज हवाओं के असर से तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। बुधवार सुबह दिल्ली का न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिनभर आसमान साफ रहने और तेज धूप निकलने की संभावना है। साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से सतही हवाएं भी चल सकती हैं।
दिल्ली के रिज इलाके में न्यूनतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 0.9 डिग्री अधिक रहा। वहीं आयानगर में न्यूनतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 0.7 डिग्री कम बताया गया।
बारिश से मिलेगी गर्मी से राहत
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार गुरुवार शाम से मौसम करवट ले सकता है। राजधानी और आसपास के इलाकों में आंधी और बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। इसके चलते अगले कुछ दिनों तक लोगों को झुलसाने वाली गर्मी से राहत मिल सकती है।
बीते कई दिनों से दिल्ली-एनसीआर में तेज धूप और लू ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। दोपहर होते-होते सड़कें तपने लगती हैं और बाजारों में भीड़ कम नजर आने लगती है। लोग गर्मी से बचने के लिए शीतल पेय, चेहरे को ढकने और छांव का सहारा लेते दिखाई दे रहे हैं।
ड्यूटी पर तैनात कर्मियों के लिए चुनौती बनी गर्मी
भीषण गर्मी का असर उन लोगों पर सबसे ज्यादा पड़ रहा है, जिन्हें लंबे समय तक बाहर रहकर काम करना पड़ता है। ट्रैफिक पुलिसकर्मी दिनभर तेज धूप और तपती सड़कों पर यातायात व्यवस्था संभालते नजर आ रहे हैं। लगातार बढ़ते तापमान के बीच उनके लिए ड्यूटी करना बड़ी चुनौती बन गया है।
दिल्ली की हवा अब भी ‘मध्यम’ श्रेणी में
गर्मी के बीच राजधानी की वायु गुणवत्ता फिलहाल मध्यम श्रेणी में बनी हुई है। बुधवार सुबह नौ बजे दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स यानी एक्यूआई 184 दर्ज किया गया। एनसीआर के अन्य शहरों में भी हवा संतोषजनक से मध्यम श्रेणी के बीच बनी हुई है। विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में इसमें बहुत ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है।



