उत्तर प्रदेश

दुष्कर्म के बाद महिला की हत्या करने वाला 50 हजार का इनामी गिरफ्तार, संदूक में रख दिया था शव

बरेली/मीरगंज: जिला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मीरगंज क्षेत्र में महिला की दुष्कर्म के बाद हत्या कर शव संदूक में छिपाने के मामले में फरार चल रहे 50 हजार के इनामी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। आरोपी से तमंचा, कारतूस मिला है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान ग्राम सिंधौली निवासी रूपचंद्र के रूप में हुई है।

मीरगंज के गांव सिंधौली में 20 मई 2018 को एक महिला की दुष्कर्म के बाद हत्या कर शव संदूक में छिपा दिया गया था। यह घटना हिस्ट्रीशीटर के घर में हुई थी। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। मगर कोर्ट में ट्रायल के दौरान दोनों आरोपी बरी हो गए। विवेचना के दौरान पुलिस ने मामले में रूपचंद को नामजद किया, लेकिन वह पकड़ में नहीं आया। कोर्ट से भी वह वांछित चल रहा था और उस पर 50 हजार का इनाम घोषित किया गया था।

गुरुवार रात मीरगंज पुलिस ने रूपचंद को मुठभेड़ के दौरान सिंधौली पुल के करीब गिरफ्तार कर लिया। रूपचंद पर छह आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी के खिलाफ पुलिस ने कुकी का भी नोटिस जारी किया था। शुक्रवार को पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया। महिला की हत्या में नामजद होते ही आरोपी जिले से फरार हो गया। उसने नेपाल में एक करीबी के यहां शरण ली। जहां उसने पुलिस से बचने के लिए पांच साल तक अलग-अलग क्षेत्रों में चौकीदारी का काम किया। अब उसे लगा कि पुलिस अब उसकी तलाश नहीं कर रही होगी। जिसके बाद वह उत्तराखंड में एक साल तक रहा। गुरुवार को वह घर आया था। इसकी जानकारी होने पर पुलिस ने उसे दबोच लिया।

महिला की हत्या के बाद शव को संदूक में कपड़ों के बीच दूंस दिया था। इससे उसके हाथ की हड्डी टूट गई थी। आरोपी शव को ठिकाने लगा पाने में सफल होता कि किसी ने पुलिस को सूचना दे दी थी। महिला का शव बरामद कर लिया गया था। एसपी देहात मुकेश चन्द मिश्रा ने बताया कि 2018 में दुष्कर्म और हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है 1 है। गिरफ्तार आरोपी नेपाल समेत उत्तराखंड में फरारी काट रहा था। पुलिस ने कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया।

Related Articles

Back to top button