व्यापार

अडानी-अंबानी की जीवन भर की कमाई से अधिक इन दो अरबपतियों ने एक साल में गंवाई

नई दिल्ली : जाते-जाते साल 2022 दुनिया के अरबपतियों में सबसे बड़े रईस की कुर्सी पर एक नए शख्स को स्थापित करके जा रहा है। साल 2022 बीतने में केवल 3 दिन बचे हैं और अब ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स में बर्नार्ड अर्नाल्ट की नंबर एक पर पोजीशन और मजबूत हो गई है। एलन मस्क अब अर्नाल्ट से 30 अरब डॉलर दूर हैं। भारत के अरबपति गौतम अडानी ब्लूमबर्ग की रैंकिंग में तीसरे स्थान पर हैं। गौतम अडानी की कुल दौलत 132 अरब डॉलर है। इसके बाद की रैंकिंग में क्रमश: बिल गेट्स, वॉरेन बफे, जेफ बेजोस, लैरी एलिसन, मुकेश अंबानी, स्टीव बॉल्मर और लैरी पेज आते हैं।

जितनी अडानी की कुल संपत्ति है उससे कहीं अधिक इस साल एलन मस्क ने गंवाया है। साल 2022 में मस्क की संपत्ति में 138 अरब डॉलर की कमी हुई है। जबकि, अडानी की कुल संपत्ति ही 132 अरब डॉलर है। जेफ बेजोस ने भी इस साल जितनी संपत्ति गंवाई है, उतनी मुकेश अंबानी की भी नहीं है। मुकेश अंबानी की इस समय कुल संपत्ति 86.9 अरब डॉलर है, जबकि जेफ बेजोस ने इस साल अब तक 87.6 अरब डॉलर गंवाया है।

फ्रांस के बुजुर्ग अरबपति बर्नार्ड अर्नाल्ट ने एलन मस्क को पछाड़ कर नंबर वन पोजीशन हासिल की। ठीक वैसे ही जैसे एलन मस्क ने जेफ बेजोस को पछाड़ा था। ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स के मुताबिक बर्नार्ड अर्नाल्ट की संपत्ति में बुधवार को 1.49 अरब डॉलर की कमी हुई। इसके बावजूद अब अर्नाल्ट के पास कुल 162 अरब डॉलर की संपत्ति है और एलन मस्क के 132 अरब डॉलर से 30 अरब डॉलर अधिक है। बता दें फ्रांस के बर्नार्ड अर्नाल्ट, लग्जरी गुड्स कंपनी एलवीएमएच (लुई विटन मोएत हेनेसी) के चेयरमैन और सीईओ हैं। उन्होंने 1984 में लग्जरी गुड्स मार्केट में कदम रखा था।

Related Articles

Back to top button