मेरठ में दो पुलिस मुठभेड़ में तीन गोकशों को लगी गोली, पांच गिरफ्तार
अवैध तमंचा-कारतूस, बाइक एवं गौकशी के उपकरण बरामद किए हैं।
Meerut Police Encounter: मेरठ में पिछले 24 घंटे के दौरान गोकशों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान पुलिस मुठभेड़ में तीन गोकशों को गोली लगी है। गोली लगने से घायल गोकशों को अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने घायल गोकशों समेत पांच को गिरफ्तार किया है।
थाना जानी और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई
मेेरठ के थाना जानी पुलिस एवं स्वाट टीम ग्रामीण की संयुक्त कार्रवाई में गोकशी की फिराक में बैठे दो शातिर गोकश पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गए हैं। उनसे दो गोवंश, दो अवैध तमंचे, कार एवं गोकशी के उपकरण बरामद हुए हैं।
आम के बाग में गोकशी की सूचना
पुलिस के अनुसार प्रभारी निरीक्षक थाना जानी पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि रसूलपुर धौलड़ी-रघुनाथपुर मार्ग पर महपा मोड़ के निकट आम के बाग में कुछ गोकश गौकशी करने की फिराक में हैं। जिनके पास अवैध असलाह एवं पशु काटने के उपकरण हैं। सूचना पर थाना जानी पुलिस एवं स्वाट टीम मौके पर पहुंची और बाग की घेराबंदी की। पुलिस टीम को देखकर गोकशों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी फायरिंग में गोकश आतिफ उर्फ मोटा एवं सुहेब उर्फ शोएब के पैर में गोली लगी और घायल हो गये। जिन्हें गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। मौके से उनके तीन साथी गुड्डु उर्फ फैसल, समीर एवं मौहम्मद अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गये। जिनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
गिरफ्तार गोकशों के कब्जे एवं अवैध तमंचे, खोखा कारतूस, दो जीवित गाय, पशु काटने के उपकरण बरामद हुए हैं।

थाना सरूरपुर पुलिस और स्वाट टीम की गोकशों से मुठभेड़
गोकशों से दूसरी मुठभेड़ थाना सरूरपुर पुलिस एवं स्वाट टीम देहात के साथ हुई। जिसमें एक गोकश के पैर में गोली लगी और वो घायल हो गया। पुलिस ने घायल गोकश सहित दो लोगों को गिरफ्तार कर जीवित गोवंश, अवैध तमंचा-कारतूस, बाइक एवं गौकशी के उपकरण बरामद किए हैं।
गोवंश को पेड़ से बांधकर गौकशी
रात्रि थाना सरूरपुर पुलिस द्वारा हर्रा-खिवाई मोड़ पर चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान सूचना प्राप्त हुई कि हिण्डन नदी के पुल से पहले खिवाई की ओर जाने वाले खड़ंजे के पास चार व्यक्ति एक गोवंश को पेड़ से बांधकर गौकशी करने की तैयारी है। थाना सरूरपुर पुलिस एवं स्वाट टीम देहात ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।
पुलिस टीम पर फायरिंग
पुलिस टीम द्वारा पकड़ने का प्रयास करने पर एक अभियुक्त द्वारा पुलिस पार्टी पर फायर किया गया। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग में गोकश यामीन निवासी खुशहाल कॉलोनी थाना लिसाड़ी गेट के पैर में गोली लगी। जबकि अभियुक्त पप्पू पुत्र फरमूद निवासी सिवालखास थाना जानी को मौके से गिरफ्तार किया गया। अन्य अभियुक्त अंधेरे एवं ईख के खेतों का फायदा उठाकर फरार हो गये। जिनकी कॉम्बिंग कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।



