मध्य प्रदेशराज्य

मैहर में दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार बोलेरो खाई में गिरी, 7 साल की बच्ची समेत 2 की मौत, 8 घायल

मैहर: मध्य प्रदेश के मैहर जिले में गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम पहाड़ी के पास नेशनल हाईवे-30 पर तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में सात वर्षीय मासूम बच्ची समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य लोग घायल हो गए। घायलों में तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।

रेलवे स्टेशन से लौट रहा था परिवार, रास्ते में हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार अमरपाटन निवासी एक परिवार अपने परिजन को रेलवे स्टेशन छोड़ने के बाद बोलेरो वाहन से वापस घर लौट रहा था। देर रात ग्राम पहाड़ी के समीप चालक अचानक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद बोलेरो सड़क से नीचे उतरकर कई पलटे खाते हुए गहरी खाई में जा गिरी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दुर्घटना इतनी भयावह थी कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद वाहन में सवार कई लोग अंदर फंस गए और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

पुलिस और ग्रामीणों ने चलाया राहत-बचाव अभियान

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस, डायल-100 की टीम और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सभी ने मिलकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद घायलों को क्षतिग्रस्त वाहन से बाहर निकाला गया और एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।

मासूम बच्ची और बुजुर्ग की गई जान

इस दर्दनाक हादसे में अमरपाटन निवासी सात वर्षीय जुली पटेल और 70 वर्षीय भूपेन्द्र पटेल की मौके पर मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

वहीं वाहन में सवार अन्य आठ लोग घायल हुए हैं। इनमें तीन की हालत गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।

हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और वाहन अनियंत्रित होने की वास्तविक वजह क्या थी, इसका पता लगाने के लिए अधिकारियों द्वारा जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button