मध्य प्रदेशराज्य

चप्पल निकालने की कोशिश पड़ी भारी! भतीजे को बचाने शिप्रा में कूदा काका, दोनों की डूबकर मौत

उज्जैन: मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के महिदपुर में शिप्रा नदी में हुए दर्दनाक हादसे में काका-भतीजे की जान चली गई। नदी में गिरी चप्पल निकालने के दौरान किशोर गहरे पानी में फंस गया। उसे बचाने के लिए काका ने भी नदी में छलांग लगा दी, लेकिन दोनों नदी की गहराई में समा गए। पुलिस ने करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद दोनों के शव बाहर निकाले।

चप्पल निकालने नदी में उतरा था किशोर

जानकारी के अनुसार महिदपुर नगर स्थित शिप्रा नदी के बड़े पुल के पास नारायणखेड़ी निवासी 14 वर्षीय आयुष पानी सप्लाई का काम करता था। शुक्रवार को उसकी चप्पल अचानक नदी किनारे गिर गई। चप्पल निकालने के लिए वह नदी में उतरा, लेकिन देखते ही देखते गहरे पानी में पहुंच गया और डूबने लगा।

भतीजे को बचाने के लिए काका ने लगाई छलांग

आयुष को डूबता देख उसके 25 वर्षीय काका आसाराम तुरंत मदद के लिए आगे आए। उन्होंने अपना ट्रैक्टर सड़क किनारे खड़ा किया और भतीजे को बचाने के लिए नदी में छलांग लगा दी। हालांकि नदी की अधिक गहराई के कारण दोनों खुद को संभाल नहीं सके और पानी में समा गए।

ढाई घंटे बाद बरामद हुए दोनों के शव

घटना की सूचना मिलते ही महिदपुर पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंच गया। स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में तलाश अभियान शुरू किया गया। करीब ढाई घंटे तक चले अभियान के बाद दोनों के शव नदी से बाहर निकाले गए। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए महिदपुर के शासकीय अस्पताल भेज दिया है।

एक महीने पहले हुई थी शादी, गांव में छाया मातम

हादसे के बाद नारायणखेड़ी गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि आसाराम की शादी महज एक माह पहले ही हुई थी। एक ही परिवार के दो लोगों की मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

Related Articles

Back to top button