उत्तराखंड

बिल्डर की आत्महत्या मामले में दो व्यवसायियों को किया गिरफ्तार, सुसाइड नोट में की थी शिकायत

देहरादूनः उत्तराखंड के देहरादून में शुक्रवार को स्थानीय एक बिल्डर ने राजधानी की सबसे पॉश अपार्टमेंट की आठवीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतक द्वारा छोड़े गए दो पेज के पत्र और पूर्व में पुलिस में की गई शिकायतों के आधार पर दो अन्य व्यवसायियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय सिंह ने बताया कि पूर्वाह्न 11:30 बजे थाना राजपुर को शहर के प्रसिद्ध अपार्टमेंट पेसेफिक गोल्फ स्टेट के पास एक व्यक्ति घायल अवस्था में बेहोशी की हालत में पड़ा होने की सूचना मिली। उक्त व्यक्ति की पहचान सतेन्द्र सिंह साहनी, निवासी 119, डी रेसकोर्स, देहरादून, जो बिल्डर का कार्य करते हैं, के रूप में हुई। साहनी को उनके पुत्र द्वारा उपचार के लिए मैक्स हास्पिटल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों द्वारा उक्त व्यक्ति को मृत घोषित किया गया।

इस सम्बन्ध में मृतक के पुत्र रणवीर सिंह साहनी ने पुलिस को लिखित तहरीर और मृतक द्वारा लिखा गया सुसाइड नोट दिया गया, जिसमें उसने (मृतक) अजय कुमार गुप्ता पुत्र शिव गुप्ता व अनिल कुमार गुप्ता पुत्र श्याम लाल गुप्ता द्वारा उनके पिता सतेन्द्र सिंह साहनी को डराने, धमकाने व ब्लैक मेल करने के तथ्य अंकित किए। साथ ही इस सम्बन्ध में उनके पिता द्वारा एक शिकायती प्रार्थना पत्र पुलिस को दिए जाने की बात बताई गई, जिस पर वर्तमान में पुलिस अधीक्षक नगर द्वारा जांच की जा रही है। इसके अतिरिक्त अजय कुमार गुप्ता व अनिल कुमार गुप्ता द्वारा उनके पिता के विरुद्ध झूठी शिकायत उत्तर प्रदेश के सहारनपुर नगर पुलिस को देकर उनकी दोनों कम्पनियां उनके नाम पर करने, अन्यथा उन्हें व उनके दामाद को झूठे केस में जेल भेजने की लगातार धमकी देते हुए आत्महत्या करने के लिए उत्प्रेरित किया जा रहा था।

सिंह ने बताया कि उक्त प्रार्थना पत्र व सुसाइड नोट के आधार पर तत्काल थाना राजपुर पर मु.अ.सं: 119/24 धारा 306 भादवि बनाम अनिल कुमार गुप्ता व अजय कुमार गुप्ता पंजीकृत किया गया है। साथ ही, उक्त अभियोग की विवेचना में साक्ष्य संकलन व बयानों के आधार पर अभियुक्त अनिल कुमार गुप्ता पुत्र स्व. श्याम लाल गुप्ता, निवासी 07 कर्जन रोड, थाना डालनवाला, देहरादून, उम्र 51 वर्ष और अजय कुमार गुप्ता पुत्र शिवकुमार गुप्ता, निवासी उपरोक्त, मूल पता 69, मिशन कंपाउंड, थाना सदर बाजार, सहारनपुर, उत्तर प्रदेश, उम्र 58 वर्ष को अन्तर्गत धारा 306 भादवि में गिरफ्तार किया गया है। उल्लेखनीय है कि गिरफ्तार दोनों व्यक्ति पूर्व में दक्षिण अफ्रीका में सरकार गिराने के मामले में शामिल गुप्ता बन्धुओं के परिजन हैं।

Related Articles

Back to top button