
बिहार: राजगीर और सासाराम में दो नए रेल पुलिस अनुमंडल बनाने की तैयारी है। बिहार पुलिस मुख्यालय ने इनके गठन और नए पदों के सृजन से जुड़ा प्रस्ताव राज्य सरकार को भेज दिया है। दोनों अनुमंडल बनने के बाद बिहार में रेल पुलिस अनुमंडलों की संख्या 12 से बढ़कर 14 हो जाएगी। इनकी जिम्मेदारी नए रेल डीएसपी को दी जाएगी।
चार नए रेल सर्किल बनाने का प्रस्ताव
बिहार पुलिस सूत्रों के मुताबिक, रेल और रेल यात्रियों की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए रेल पुलिस के विस्तार पर उच्चस्तरीय सहमति बनी है। इसी के तहत चार नए रेल सर्किल और तीन नए रेल थाने बनाने का प्रस्ताव भी सरकार को भेजा गया है।
नालंदा के राजगीर, गोपालगंज के थावे, खगड़िया और पूर्णिया में नए रेल सर्किल कार्यालय प्रस्तावित हैं। इन सर्किलों में इंस्पेक्टर स्तर के पदाधिकारियों की तैनाती की जाएगी।
राजेंद्र नगर टर्मिनल समेत तीन जगह नए थाने
नए रेल थानों के लिए पटना के राजेंद्र नगर टर्मिनल, नालंदा के हिलसा और कटिहार के कुर्सेला को प्रस्तावित किया गया है। यात्रियों की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए इन स्थानों पर अलग रेल थाना बनाने की जरूरत महसूस की गई है।
वर्तमान में राजेंद्र नगर टर्मिनल स्टेशन पर जीआरपी पुलिस पोस्ट के रूप में तैनात है। इसकी निगरानी पटना जंक्शन रेल थाना के माध्यम से की जाती है। नया थाना बनने से राजेंद्र नगर टर्मिनल पर रेल यात्रियों को पुलिस संबंधी सुविधाएं सीधे मिल सकेंगी।
21 होंगे रेल अंचल, 72 तक पहुंच सकती है थानों की संख्या
प्रस्ताव मंजूर होने के बाद बिहार में रेल अंचलों की संख्या 17 से बढ़कर 21 हो जाएगी। वहीं रेल थानों की संख्या 69 से बढ़कर 72 हो जाएगी। नए अनुमंडल, सर्किल और थानों के गठन से रेल पुलिस का ढांचा विस्तार पाएगा और बढ़ते यात्री दबाव वाले इलाकों में पुलिस व्यवस्था मजबूत होने की उम्मीद है।



