मध्य प्रदेशराज्य

शिव ज्योति अर्पणम के लिए तैयार हो रहा उज्जैन, बनेगा कीर्तिमान

भोपाल : श्रीमहाकाल लोक के बाद रोज लाखों लोगों की श्रद्धा का केंद्र बना उज्जैन बाबा महाकाल की आराधना के लिए फिर कीर्तिमान रचने को तैयार है। महाशिवरात्रि पर्व के दौरान उज्जैनवासियों द्वारा बनाए जाने वाले कीर्तिमान के लिए तय दीपोत्सव कार्यक्रम को शिव ज्योति अपर्णम 2023 का नाम दिया गया है। इस पर्व पर शनिवार को उज्जैन में 21 लाख दीप प्रज्ज्वलित कर गिनीज वर्ल्ड रिकार्ड बनाया जाएगा। इससे पहले उज्जैन में वर्ष 2022 में महाशिवरात्रि पर 11 लाख 71 हजार 78 दीये प्रज्ज्वलित करने का विश्व रिकार्ड बनाया गया था।

उज्जैन के बाद अयोध्या में वर्ष 2022 में ही दीपावली पर 15 लाख 76 हजार दीये प्रज्ज्वलित कर नया विश्व रिकार्ड बनाया गया था। उज्जैन में महाशिवरात्रि पर 21 लाख दीये प्रज्ज्वलित करने की योजना है। यह संपूर्ण आयोजन जीरो वेस्ट के सिद्धांत पर होगा। इस आयोजन की तैयारियों की समीक्षा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान कर चुके हैं और वे शिवरात्रि पर्व पर उज्जैन में रहेंगे। उन्होंने इसके लिए टीम बनाकर काम करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया है। प्रशासन ने कहा है कि इस दिन उज्जैन के प्रमुख मंदिर, घाट और शहर के प्रमुख स्थलों पर साज-सज्जा रहेगी। उज्जैन में शिव ज्योति अपर्णम में क्षिप्रा नदी के घाटों सहित शहर के मंदिर, समस्त व्यावसायिक स्थल और घर-घर में दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। विद्युत साज-सज्जा के साथ प्रमुख स्थानों पर रंगोली और साज-सज्जा के अन्य उपक्रम भी होंगे। शहर के प्रमुख मंदिर महाकालेश्वर, मंगलनाथ, काल भैरव, गढ़कालिका, सिद्धवट, हरसिद्धि, चिंतामण गणेश और टॉवर चौराहा पर दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।

महाशिवरात्रि पर्व पर क्षिप्रा नदी के केदारेश्वर घाट पर 3.10 लाख, सुनहरी घाट पर 1.75 लाख, दत्त अखाड़ा पर 4.50 लाख, राम घाट से बंबई धर्मशाला पर 2.50 लाख, बंबई धर्मशाला से नरसिंह मंदिर तक 3.75 लाख और भूखी माता मंदिर की ओर माली घाट पर 4.75 लाख दीप प्रज्ज्वलित करने की योजना है। इस कार्य में लगभग 20 हजार स्वयं-सेवकों की भागीदारी होगी।

Related Articles

Back to top button