केंदीय गृहमंत्री अमित शाह ने गाजियाबाद एनडीआरएफ को प्रेसिडेंट्स कलर प्रदान किया
गाज़ियाबाद स्थित 8वीं बटालियन एनडीआरएफ में भव्य औपचारिक परेड का आयोजन।
Ghaziabad News : केंद्रीय गृह मंत्री एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने आज गाज़ियाबाद स्थित 8वीं बटालियन एनडीआरएफ में आयोजित एक भव्य औपचारिक परेड के दौरान राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) को प्रतिष्ठित “प्रेसिडेंट्स कलर” प्रदान किया। इस अवसर पर एनडीआरएफ के महानिदेशक पीयूष आनंद, अधिकारीगण, रेस्क्यू कर्मी एवं उनके परिवारजन उपस्थित थे। ‘प्रेसिडेंट्स कलर’ सम्मान बल की उत्कृष्ट सेवा, पेशेवर दक्षता तथा आपदा प्रतिक्रिया और मानवीय सहायता के प्रति उसकी अटूट प्रतिबद्धता को मान्यता देता है।
समारोह में उपस्थित रहे ये लोग
इस समारोह में केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन, आईबी निदेशक तपन कुमार डेका, एनडीएमए के सदस्य एवं विभागाध्यक्ष कृष्ण वत्स, सीएपीएफ के महानिरीक्षकगण, एनडीआरएफ के पूर्व महानिदेशक, गृह मंत्रालय, सशस्त्र बलों, एसडीआरएफ तथा विभिन्न राज्यों के अन्य गणमान्य अधिकारी, साथ ही एनसीसी, सिविल डिफेंस, एनवाईकेएस और “आपदा मित्र” स्वयंसेवकों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

19 जनवरी 2006 को एनडीआरएफ की स्थापना
19 जनवरी 2006 को स्थापना के बाद से एनडीआरएफ ने अपने आदर्श वाक्य “आपदा सेवा सदैव सर्वत्र” को सार्थक करते हुए देशभर के लोगों के बीच विशेष स्थान बनाया है। केवल बीस वर्षों की छोटी अवधि में 16 बटालियनों और 69 स्थानों पर नियमित उपस्थिति वाले इस बल ने आपदा प्रतिक्रिया के क्षेत्र में अग्रणी रहकर अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है।

ऑरेंज एंजल्स की उपाधि और 12 हजार अभियान
“ऑरेंज एंजल्स” की उपाधि अर्जित की है। बल ने लगभग 12,000 चुनौतीपूर्ण अभियानों का संचालन किया है और इस दौरान 1.5 लाख से अधिक पीड़ितों को जीवित बचाया, जबकि बाढ़, चक्रवात, भूस्खलन, शहरी आपदाओं एवं सीबीआरएन आपात स्थितियों के दौरान 9 लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित निकाला।
जापान, नेपाल और म्यांमार में चलाया अभियान
बल ने जापान (2011), नेपाल (2015), तुर्किये (2023), म्यांमार (2025) और श्रीलंका (2025) सहित विभिन्न अंतरराष्ट्रीय अभियानों के माध्यम से भारत की वैश्विक मानवीय सहायता क्षमता को भी सशक्त किया है।

गृहमंत्री ने परेड का निरीक्षण कर प्रदान किया प्रेसिडेंट्स कलर
इस अवसर पर माननीय गृह मंत्री ने परेड का निरीक्षण किया और एनडीआरएफ को ‘प्रेसिडेंट्स कलर’ प्रदान किया। बल के सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को बधाई देते हुए श्री अमित शाह ने कहा कि “प्रेसिडेंट्स कलर” किसी बल को प्रदान किया जाने वाला सर्वोच्च सम्मान है, जो अनुशासन, बलिदान और कर्तव्य एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रतीक है।
विश्वस्तरीय आपदा प्रतिक्रिया बल के रूप में पहचान बनाई
अमित शाह ने कहा कि एनडीआरएफ ने अपनी त्वरित प्रतिक्रिया, पेशेवर क्षमता और मानवीय सेवा के माध्यम से विश्वस्तरीय आपदा प्रतिक्रिया बल के रूप में पहचान बनाई है तथा आपदाओं के समय देशवासियों के लिए आशा का प्रतीक बन गया है। उन्होंने आपदा जोखिम न्यूनीकरण पर माननीय प्रधानमंत्री के दस सूत्रीय एजेंडा के अनुरूप मानवीय सहायता एवं आपदा राहत अभियानों के माध्यम से बल की बढ़ती अंतरराष्ट्रीय भूमिका को भी रेखांकित किया।

एनडीआरएफ के सत्रह वीर रेस्क्यू कर्मियों को भी श्रद्धांजलि अर्पित
गृह मंत्री ने कर्तव्य पालन के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले एनडीआरएफ के सत्रह वीर रेस्क्यू कर्मियों को भी श्रद्धांजलि अर्पित की। एनडीआरएफ के महानिदेशक पीयूष आनंद, आईपीएस ने अपने स्वागत भाषण में इस अवसर को बल की यात्रा का एक ऐतिहासिक क्षण बताया। उन्होंने बल द्वारा उठाए गए प्रमुख कदमों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि एनडीआरएफ निरंतर अपनी कौशल क्षमता एवं तकनीक को उन्नत कर रहा है, साथ ही एसडीआरएफ, सिविल डिफेंस एवं अन्य हितधारकों के प्रशिक्षण एवं क्षमता निर्माण तथा समुदाय को जागरूक करने पर विशेष ध्यान दे रहा है।

वर्ष 2025 में ही एनडीआरएफ ने किए 1400 अभियान
उन्होंने जानकारी दी कि केवल वर्ष 2025 में ही एनडीआरएफ द्वारा 1,400 से अधिक अभियान संचालित किए गए, जो एक वर्ष में अब तक की सर्वाधिक संख्या है।
वर्चुअल माध्यम से छह नए केंद्र का उद्धाटन
समारोह के दौरान गृह मंत्री ने वर्चुअल माध्यम से देहरादून स्थित एनडीआरएफ क्षेत्रीय प्रतिक्रिया केंद्र का उद्घाटन किया तथा अगरतला, एर्नाकुलम, नूरपुर, लखनऊ, गंगटोक और गांधीनगर में छह नए आरआरसी की आधारशिला रखी। श्री अमित शाह ने 10 अधिकारियों को विशिष्ट एवं सराहनीय सेवा के लिए पुलिस पदक तथा तीन रेस्क्यू कर्मियों को “उत्तम जीवन रक्षा पदक” प्रदान किए। एनडीआरएफ की व्यावसायिक प्रतियोगिता एवं खेल, सर्वश्रेष्ठ नवाचार तथा सर्वाधिक फिट रेस्क्यूर के लिए भी ट्रॉफियाँ प्रदान की गईं।

आईटीबीपी ब्रांस एवं पाइप बैंड का प्रदर्शन
इस कार्यक्रम में आईटीबीपी ब्रास एवं पाइप बैंड द्वारा रोमांचक बैंड प्रदर्शन तथा एनडीआरएफ रेस्क्यू कर्मियों द्वारा साहसिक रस्सी बचाव प्रदर्शन भी प्रस्तुत किया गया।



