पंजाब

सड़क पार कर रही महिला को कुचलकर भागा अज्ञात वाहन, 75 दिन तक जिंदगी से लड़ने के बाद मौत; पुलिस CCTV खंगालने में जुटी

लुधियाना: पंजाब के लुधियाना में हिट एंड रन का एक दर्दनाक मामला सामने आया है। जीटी रोड स्थित ढंडारी कलां इलाके में अज्ञात वाहन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुई महिला ने लंबे इलाज के बाद दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

सड़क पार करते समय हुआ हादसा

पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता शिव शंकर ने बताया कि 29 अप्रैल को वह मोटरसाइकिल से किराना का सामान लेने के लिए जीटी रोड स्थित ढंडारी कलां के कंगनवाल कट के पास जियो पेट्रोल पंप की ओर जा रहा था। इसी दौरान करीब 40 वर्षीय एक अज्ञात महिला पेट्रोल पंप के सामने सड़क पार कर रही थी।

तभी तेज रफ्तार से आए एक अज्ञात वाहन ने महिला को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक बिना रुके वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।

इलाज के दौरान तोड़ा दम

हादसे में गंभीर रूप से घायल महिला को तत्काल उपचार के लिए राजिंदरा अस्पताल, पटियाला रेफर किया गया था। करीब ढाई महीने तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद 13 जुलाई को महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

महिला की मौत के बाद शिकायतकर्ता के बयान के आधार पर थाना सहनेवाल पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है ताकि फरार वाहन और उसके चालक की पहचान कर जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

Related Articles

Back to top button