
UP Weather Alert: आंधी-बारिश के बीच CM योगी सख्त, अफसरों को फील्ड में रहने और 24 घंटे में राहत पहुंचाने के निर्देश
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मौसम के अचानक बदले मिजाज और कई जिलों में तेज आंधी-बारिश के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रशासनिक मशीनरी को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के कई हिस्सों में खराब मौसम और बारिश के बाद मुख्यमंत्री ने हालात की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य तेज करने को कहा है।
मुख्यमंत्री ने प्रभावित जिलों के जिलाधिकारियों को निर्देश दिया कि पूरी प्रशासनिक व्यवस्था सक्रिय मोड में रहे और हरसंभव प्रयास कर यह सुनिश्चित किया जाए कि खराब मौसम का असर आम लोगों पर न्यूनतम पड़े।
24 घंटे में मुआवजा देने के निर्देश
सीएम योगी ने स्पष्ट तौर पर कहा कि जनहानि, पशुहानि, घायलों और आपदा प्रभावित लोगों को 24 घंटे के भीतर मुआवजा उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि राहत कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार हर संकट की घड़ी में किसानों और आम जनता के साथ मजबूती से खड़ी है।
सड़क हादसों पर भी सतर्क रहने को कहा
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को बताया कि खराब मौसम के चलते कई जिलों में सड़क दुर्घटनाओं की घटनाएं भी सामने आई हैं। ऐसे में राहत और बचाव कार्यों को और तेज किया जाए तथा घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में इलाज उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने निर्देश दिया कि चिकित्सा व्यवस्था पूरी तरह सक्रिय रखी जाए ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
जिलाधिकारियों को फील्ड में रहने का आदेश
सीएम योगी आदित्यनाथ ने सभी जिलाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार फील्ड में मौजूद रहने और हालात का जायजा लेने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि फील्ड स्तर के अधिकारी प्रभावित इलाकों में पहुंचकर लोगों से सीधे संवाद करें और राहत कार्यों में बेहतर समन्वय बनाएं।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि मौसम से जुड़ी हर आपात सूचना समय पर शासन तक पहुंचाई जाए, ताकि प्रभावित लोगों तक जल्द से जल्द सहायता पहुंचाई जा सके।



