
UP Weather Alert: अगले 5 दिन झुलसाएगी गर्मी, यूपी के कई जिलों में लू और अति लू का अलर्ट जारी
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में आने वाले पांच दिन लोगों पर भारी पड़ सकते हैं। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी और लू को लेकर बड़ा अलर्ट जारी किया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक 20 मई तक प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहेगा और तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। पूर्वी और पश्चिमी यूपी के कई जिलों में लू से लेकर अति उष्ण लहर चलने की चेतावनी दी गई है।
मौसम केंद्र लखनऊ के अनुसार दक्षिणी, मध्य और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में गर्म हवाएं लोगों को बेहाल कर सकती हैं। दोपहर के समय बाहर निकलना स्वास्थ्य के लिए खतरनाक साबित हो सकता है।
20 मई तक गर्मी का प्रकोप जारी रहने के आसार
आईएमडी के प्रभाव आधारित पूर्वानुमान के अनुसार 16 से 19 मई तक पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा। हालांकि 20 मई को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ उत्तर-पूर्वी इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है।
मौसम विभाग ने 16 और 17 मई को पूर्वी और पश्चिमी यूपी के दक्षिणी हिस्सों में लू चलने की चेतावनी दी है। वहीं 18 मई के बाद स्थिति और गंभीर होने की आशंका जताई गई है। 19 और 20 मई को कई जिलों में अति उष्ण लहर की स्थिति बन सकती है।
इन जिलों में सबसे ज्यादा असर
मौसम विभाग के मुताबिक 16 मई को बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, जालौन, हमीरपुर, महोबा और झांसी में लू का असर ज्यादा रहेगा।
17 मई को गर्मी का दायरा और बढ़ेगा। प्रतापगढ़, जौनपुर, कानपुर नगर, रायबरेली, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा और औरैया भी इसकी चपेट में आ सकते हैं।
18 मई से पूर्वांचल, बुंदेलखंड और मध्य यूपी के कई हिस्सों में भीषण गर्म हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, उन्नाव, अमेठी, सुल्तानपुर, कन्नौज, ललितपुर और मैनपुरी समेत कई जिलों में हालात गंभीर हो सकते हैं।
बच्चों-बुजुर्गों के लिए बढ़ा खतरा
डॉक्टरों ने बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। विशेषज्ञों के मुताबिक लगातार तेज धूप और गर्म हवाओं की वजह से डिहाइड्रेशन और लू लगने का खतरा बढ़ सकता है।
मजदूरों, किसानों और लंबे समय तक खुले में काम करने वाले लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है।
लोगों को क्या सावधानी बरतनी चाहिए?
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों से हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने, अधिक मात्रा में पानी और तरल पदार्थ लेने की अपील की है। ओआरएस, छाछ, लस्सी और नींबू पानी जैसे पेय पदार्थों का सेवन करने की सलाह दी गई है।
फसलों पर भी गर्मी की मार
कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को शाम के समय हल्की सिंचाई करने और खेतों में नमी बनाए रखने की सलाह दी है। पशुओं को भी छांव में रखने को कहा गया है।
विशेषज्ञों के अनुसार भीषण गर्मी का असर गन्ना, मक्का, उड़द, मूंग, मूंगफली, सूरजमुखी और सब्जी फसलों पर पड़ सकता है। अधिक तापमान की वजह से फसलों में नमी की कमी, फूल झड़ने और उत्पादन घटने का खतरा बढ़ गया है। आम, केला और पपीता जैसी फलों की फसलों पर भी गर्मी का असर पड़ सकता है।



