उत्तर प्रदेशराज्य

UP Weather Today: लखनऊ समेत कई जिलों में बदला मौसम का मिजाज, तेज हवाओं और बादलों से तापमान में गिरावट; आज से साफ रहेगा आसमान

वाराणसी/लखनऊ। उत्तर प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ का असर अब समाप्त हो गया है और प्रदेश में फिलहाल कोई सक्रिय मौसम प्रणाली नहीं बची है। मौसम विभाग के अनुसार लखनऊ समेत राज्य के अधिकांश जिलों में अगले दो दिनों तक मौसम शुष्क बना रहेगा। हालांकि इसके बाद तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी और आगामी एक सप्ताह में पारा 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक चढ़ सकता है। राहत की बात यह है कि फिलहाल लू चलने की संभावना नहीं जताई गई है।

शनिवार को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश तो नहीं हुई, लेकिन तेज हवाओं और दिनभर आते-जाते बादलों के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई। सुबह करीब 10 बजे तक आसमान में बादल छाए रहे, जिसके बाद धूप निकली। हालांकि पूरे दिन बादलों की आवाजाही बनी रही।

तेज पुरवा हवाओं से मौसम हुआ सुहाना

मौसम विभाग के मुताबिक दिनभर 12 से 26 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पुरवा हवाएं चलती रहीं। इसी वजह से वातावरण में नमी बढ़ी और लोगों को गर्मी से कुछ राहत महसूस हुई।

वाराणसी में अधिकतम तापमान पिछले 24 घंटों की तुलना में 1.8 डिग्री सेल्सियस गिरकर 37.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.1 डिग्री नीचे रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 0.8 डिग्री बढ़कर 23.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो सामान्य से 1.9 डिग्री कम रहा।

बाबतपुर में भी तापमान में गिरावट

बाबतपुर क्षेत्र में भी मौसम का असर साफ दिखाई दिया। यहां अधिकतम तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस घटकर 36.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.4 डिग्री नीचे रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 22.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

दिनभर चली पुरवा हवाओं के चलते वातावरण में नमी का स्तर भी बढ़ा रहा। आर्द्रता 74 प्रतिशत से 43 प्रतिशत के बीच दर्ज की गई।

अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ मौसम का बदलाव

बीएचयू के मौसम विज्ञानी प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि प्रदेश में फिलहाल बड़े मौसम तंत्र का असर नहीं है, लेकिन पुरवा हवाओं के कारण वातावरण में नमी बनी हुई है। ऐसे में दोपहर बाद कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या तेज हवाएं चलने की संभावना पूरी तरह खत्म नहीं हुई है।

उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में आसमान साफ रहने के साथ तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हो सकती है।

Related Articles

Back to top button