मध्य प्रदेशराज्य

उज्जैन के रामघाट पर महाआरती के दौरान बवाल! पुजारियों और वेंडरों में मारपीट, लात-घूंसों का वीडियो वायरल

उज्जैन: मध्य प्रदेश के धार्मिक नगरी उज्जैन में शिप्रा नदी के रामघाट पर महाआरती के दौरान विवाद का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना में मंत्रोच्चार और आरती के बीच अचानक माहौल तनावपूर्ण हो गया और पुजारियों तथा फूल-प्रसाद विक्रेताओं के बीच जमकर मारपीट होने लगी। 28 जून की शाम हुई इस घटना ने घाटों की व्यवस्था, सुरक्षा और अवैध दुकानदारी को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के अनुसार महाआरती के दौरान श्रद्धालुओं की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच गया। वायरल वीडियो में लोगों को एक-दूसरे पर लात-घूंसे चलाते हुए देखा जा सकता है।

दोनों पक्षों की शिकायत पर दर्ज हुआ मामला

घटना के बाद महाकाल थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर क्रॉस केस दर्ज किया है। मारपीट में दोनों ओर से कुल चार लोगों को गंभीर चोटें आने की जानकारी सामने आई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरती शुरू होने के दौरान कुछ फूल-प्रसाद विक्रेता श्रद्धालुओं को सामान बेचने का प्रयास कर रहे थे। इसी बात को लेकर पुजारियों और विक्रेताओं के बीच कहासुनी हुई, जो बाद में विवाद और मारपीट में बदल गई।

महिलाओं पर मारपीट का आरोप

पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक बिलोटीपुरा निवासी विकास शर्मा की ओर से बताया गया कि उनके भाई गणेश शर्मा को इस घटना में चोटें आई हैं। शिकायत के आधार पर ममता परमार और क्षिप्रा मराठा के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

फरियादी ने पुलिस को बताया कि वह अपने भाई के साथ रामघाट पर पंडिताई का कार्य करते हैं। 28 जून की शाम महाआरती के दौरान संबंधित महिलाएं फूल-प्रसाद बेच रही थीं। उन्हें ऐसा करने से मना किया गया तो कथित तौर पर वे आक्रोशित हो गईं और विवाद शुरू हो गया।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि विवाद के दौरान गाली-गलौज के साथ मारपीट की गई, जिससे हाथ और आंख में चोट आई। बीच-बचाव करने पहुंचे भाई के साथ भी हाथापाई की गई।

वायरल वीडियो के बाद चर्चा में आया मामला

घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है। धार्मिक आयोजन के दौरान हुई इस मारपीट को लेकर स्थानीय लोगों ने भी चिंता जताई है। वहीं पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

Related Articles

Back to top button