मध्य प्रदेशराज्य

मध्य प्रदेश में दो फरवरी फिर बदलेगा मौसम, छाएंगे बादल

भोपाल। मध्यप्रदेश में एक बार पुन: मौसम बदलने जा रहा है। दो फरवरी को एक अन्य पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत में प्रवेश करने पर मौसम के मिजाज में परिवर्तन आने की संभावना है। इसके तहत कहीं-कहीं बादल भी छा सकते हैं। वहीं मध्यप्रदेश के अधिकतर जिलों में तापमान बढ़ने लगा है। दोपहर के वक्त पड़ने वाली तेज धूप भी कुछ घंटों ही सही, लेकिन लोगों को राहत दे रही है। पाकिस्तान और उससे लगे उत्तर भारत पर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हवाओं का रुख बदल गया है।

पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला के अनुसार, वर्तमान में पाकिस्तान और उससे लगे उत्तर भारत पर एक पश्चिमी विक्षोभ ट्रफ के रूप में बना हुआ है। इसके असर से हवाओं का रुख पश्चिमी बना हुआ है। हवाओं का रुख बदलने के कारण दिन एवं रात के तापमान में बढ़ोतरी होने लगी है। शुक्ला के मुताबिक दो फरवरी तक तापमान बढ़ने का सिलसिला जारी रहेगा। दो फरवरी को एक तीव्र आवृति वाले पश्चिमी के उत्तर भारत में प्रवेश करने पर राजस्थान में एक प्रेरित चक्रवात के बनने की संभावना है। इन दो सिस्टम के असर से वातावरण में नमी आने से मप्र में कहीं-कहीं बादल छाने के साथ बौछारें भी पड़ सकती हैं।

मौसम विज्ञान केंद्र के मौसम विज्ञानी पीके साहा के अनुसार, रविवार को मप्र में सबसे कम तापमान चार डिग्री सेल्सियस मंडला में रिकार्ड किया गया। खंडवा, रायसेन, बैतूल, गुना, रतलाम, खजुराहो, मंडला, सिवनी, मलाजखंड में शीतलहर का प्रभाव रहा। प्रदेश में कहीं भी शीतल दिन की स्थिति नहीं बनी। राजधानी में अधिकतम तापमान 27.7 डिग्रीसे. रिकार्ड किया गया, जो सामान्य से एक डिग्रीसे. अधिक रहा।

यह शनिवार के अधिकतम तापमान 25.4 डिग्रीसे. की तुलना में 2.3 डिग्रीसे. अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्रीसे. रिकार्ड किया गया। यह सामान्य से चार डिग्रीसे. कम रहा, लेकिन शनिवार के न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्रीसे. की तुलना में 1.6 डिग्रीसे. अधिक रहा।

Related Articles

Back to top button