अपराधदिल्लीराज्य

दिल्ली में पत्नी की गला दबाकर हत्या, 10 साल की बेटी ने पिता को मां के पास देखा; आरोपी पति गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के सेंट्रल इलाके में पत्नी की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आनंद पर्वत इलाके में 24 साल के एक युवक पर अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या करने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच मामूली विवाद के बाद यह वारदात हुई। मामले में पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस को 14 सितंबर को एक कमरे में महिला के मृत अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली थी। स्थानीय लोगों ने बताया कि महिला अपने पति और दो नाबालिग बेटियों के साथ रहती थी। महिला की मां भी उनके साथ रहती थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

10 साल की बेटी ने क्या देखा

पुलिस के मुताबिक, महिला की 10 साल की बेटी ने घटना को लेकर अहम जानकारी दी। बच्ची ने बताया कि वह सुबह करीब 4 बजे उठी तो उसने अपने पिता को मां के पास देखा। पिता यह देखने की कोशिश कर रहे थे कि उसकी मां सांस ले रही है या नहीं।

बच्ची के मुताबिक, इसके बाद उसका पिता घर से चला गया। उसने भी अपनी मां को देखा तो पता चला कि वह मर चुकी थीं। बच्ची के बयान के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच आगे बढ़ाई।

महिला के गले पर मिले नाखून के निशान

जांच के दौरान पुलिस को महिला के शरीर पर नाखून के निशान मिले। उसके गले के बाईं ओर नाखून से खरोंच के निशान भी पाए गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब यानी FSL की टीम को मौके पर बुलाया गया और वहां से साक्ष्य जुटाए गए।

पुलिस ने अचेत अवस्था में मिली महिला को लोकनायक अस्पताल पहुंचाया था। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, जहां मौत की वजह स्पष्ट हुई।

बेटी के बयान और सबूतों के आधार पर FIR

पुलिस के मुताबिक, बेटी के बयान और मौके से मिले सबूतों के आधार पर महिला के पति के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल मामले में आगे की जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button