दिल्ली

दिल्ली: घटा यमुना का पानी, आज बारिश का यलो अलर्ट, जानें कैसा रहेगा मौसम

नयी दिल्ली. जहां एक तरफ राजधानी दिल्ली (Delhi) में आफत की बारिश (Delhi Rain-Flood) ने लोगों का जीना मुहाल कर रखा है। वहीं आज यानी शनिवार को दिल्ली में बाढ़ (Delhi Flood) के पानी से राहत मिलने की बड़ी उम्मीद दिख रही है। दरअसल बीते शुक्रवार रात 11 बजे यमुना नदी का जलस्तर भी कम होकर 207.68 मीटर पर आ गया। इस तरह बीते 48 घंटों में पहली बार यमुना का वॉटर लेवल 208 मीटर से नीचे आया है। इसके अभी और कम होने की उम्मीद है।

दरअसल शनिवार सुबह जब सुबह 6 बजे दिल्ली में यमुना जलस्तर मापा गया तो जलस्तर 207.68 मीटर दर्ज किया गया। हालांकि यमुना नदी अभी भी खतरे के निशान से लगभग दो मीटर ऊपर बह रही है। वहीं पुरानी दिल्ली रेलवे ब्रिज के पास भी यमुना का पानी अब धीरे-धीरे कम होने लगा है।

अब जहां एक तरफ यमुना का पानी कम हो रहा है, उधर आज मौसम विभाग ने दिल्ली के बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। IMD की मानें तो, 15 जुलाई को दिल्ली में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। अगर ऐसा होता है तो बाढ़ का पानी अब और भी बढ़ जाएगा।

वहीं राजधानी के इंद्रप्रस्थ इलाके में यमुना नदी में बने ड्रेनेज का रेगुलेटर टूट गया था। हालांकि, इसे बीते शुक्रवार रात सेना की मदद से ठीक कर दिया गया था। रेगुलेटर डैमेज होने से नदी का पानी ITO, रिंग रोड, सुप्रीम कोर्ट, राजघाट और लाल किले तक पहुंच गया था।

इधर ITO बैराज के जाम पड़े 5 गेटों को भी सेना ने खोल दिया है। हालांकि ITO सहित कुछ इलाकों में पानी भर गया है। उपराज्यपाल विनय सक्सेना ने इन कामों में लगे मजदूरों, सेना के जवानों और अधिकारियों को धन्यवाद दिया है। हालांकि, इसके पहले यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने से राजघाट के पास जलभराव जारी है। इलाके में बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है। ITO इलाके में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

अगले 24 घंटे कैसा होगा मौसम का हाल

इन राज्यों में तेज बारिश: IMD के अनुसार, हिमाचल, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, झारखंड, महाराष्ट्र, गोवा, सिक्किम, पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मिजोरम, मणिपुर, त्रिपुरा, ओडिशा, कर्नाटक।

इन राज्यों में आज हल्की बारिश: वहीं दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, बिहार, गुजरात, जम्मू-कश्मीर, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में बिजली चमकने के साथ हल्की बारिश हो सकती है, ऐसा IMD ने अपनी रिपोर्ट में कहा है।

Related Articles

Back to top button