
लखनऊ : प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक से आज राजभवन में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिष्टाचारिक भेंट की। मुख्यमंत्री ने राज्यपाल से राष्ट्रपति एवं उपराष्ट्रपति के दिसम्बर माह में प्रस्तावित प्रदेश के दौरों पर चर्चा की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राज्यपाल को पुस्तक भी भेंट की। उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू का 3 दिसम्बर, 2017 को लखनऊ आना प्रस्तावित है। उपराष्ट्रपति राजभवन में रात्रि विश्राम करेंगे तथा 4 दिसम्बर, 2017 को चन्द्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय कानपुर के दीक्षान्त समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित होंगे। 5 दिसम्बर, 2017 को राष्ट्रपति श्री रामनाथ कोविन्द आगरा के डाॅ0 भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय के दीक्षान्त समारोह के मुख्य अतिथि होंगे।
राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के बीच लखनऊ कांग्रेस 1916 में लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक के भाषण के 101 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 29 एवं 30 दिसम्बर, 2017 को आयोजित होने वाले ‘लोकमान्य तिलक स्मृति समारोह’ पर भी विचार-विनिमय हुआ। मुख्यमंत्री ने राज्यपाल को प्रदेश में शहरी निकाय चुनाव के प्रथम चरण का मतदान कानून व्यवस्था की दृष्टि से शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न होने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शेष चरण के मतदान को भी शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।