State News- राज्यउत्तर प्रदेश

असदुद्दीन ओवैसी भी बन सकते हैं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री: राजभर

बलिया. सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि असदुद्दीन ओवैसी यदि उत्तर प्रदेश के मतदाता बन जाये तो वह भी प्रदेश के मुख्यमंत्री हो सकते हैं। भाजपा की पूर्व सहयोगी सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष व पूर्व कैबिनेट मंत्री राजभर ने शुक्रवार रात जिले के रसड़ा स्थित अपने निवास पर संवाददाताओं से बातचीत करते हुए ये बात कही।

ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि कहा कि ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिममीन (एआईएमआईएम) अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी यदि उत्तर प्रदेश के मतदाता बन जाये तो वह भी यहां के मुख्यमंत्री हो सकते हैं। उन्होंने कहा, “उत्तर प्रदेश में मुसलमान करीब 20 फीसदी हैं। उनकी हिस्सेदारी है तो सत्ता में भी उनकी भागीदारी होनी चाहिए, उनका अधिकार है, मुसलमानों का भी हिस्सा है।”

उन्होंने सवाल किया कि मुसलमान का बेटा क्यों नहीं मुख्यमंत्री व उप मुख्यमंत्री बन सकता है? क्या मुसलमान होना गुनाह है? उन्होंने कहा कि अलगाववाद व पाकिस्तान की बात हमेशा करने वाली महबूबा मुफ्ती से समझौता कर भाजपा ने जम्मू कश्मीर में सरकार बनाई। राजभर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का नाम लिये बिना कहा कि वह चालाक निकले तथा उत्तराखंड से आकर उत्तर प्रदेश का मतदाता बनकर मुख्यमंत्री बन गए।

Related Articles

Back to top button