राजनीति

अख़लाक़ के गांव में आज रैली को संबोधित करेंगें राजनाथ, हिंदुत्व का मुद्दा गर्माया

लखनऊ: पश्चिमी यूपी में तीन दिन बाद होने वाले चुनाव के लिए प्रचार जोरों पर है| हर पार्टी धुआंधार प्रचार में लगी हुई है| वोटों के लिए हर कार्ड खेला जा रहा है| इस बीच आज गृह मंत्री राजनाथ सिंह अखलाक के गांव में रैली करने वाले हैं| याद रहे गोहत्या के आरोप में अख़लाक़ की हत्या की गई थी|

उल्लेखनीय है कि यूपी के इस चुनावी घमासान में वोट के लिए नेता हर कार्ड खेल रहे हैं| कोई जाति का कार्ड खेल रहा है तो कोई धर्म का| इधर बीजेपी पर हिंदू-मुस्लिम के नाम पर वोट मांगने का आरोप लग रहा है तो उधर मायावती खुद को मुसलमानों का हितैषी बता रही हैं| इन सबके बीच आज का दिन खास है, क्योंकि बीजेपी के बड़े नेता, गृह मंत्री और यूपी के पूर्व मुख्मंत्री राजनाथ सिंह अखलाक के गांव में रैली करने वाले हैं| आज शाम करीब चार बजे दादरी के बिसाहड़ा गांव में राजनाथ सिंह की रैली होगी|

स्मरण रहे कि नोएडा में दादरी के पास बिसाहड़ा गांव में डेढ़ साल पहले 28 सितंबर 2015 को अखलाक की हत्या कर दी गई थी| गोहत्या के आरोप में भीड़ ने अखलाक की हत्या की थी| जिसके बाद पूरे देश में यह मुद्दा चर्चा का विषय बन गया था| अखलाक हत्याकांड को लेकर बड़ा बवाल हुआ था| अब आज जब राजनाथ सिंह अखलाक के गांव पहुंच रहे हैं तो सवाल है कि क्या बीजेपी चुनाव से पहले ध्रुवीकरण की कोशिश कर रही है ? हिंदू -मुस्लिम के इस खेल में हर किसी को वोट दिख रहा है|चुनावी रैलियों में दादरी कांड की गूंज सुनाई दे रही है|

Related Articles

Back to top button