उत्तर प्रदेशराज्य

ईवीएम की सुरक्षा कर रहे व्यक्ति की मौत, निर्वस्त्र मिला शव

मेरठ (ईएमएस)। उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में ईवीएम की सुरक्षा कर रहे सख्स की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसके साथ पालतू बंदर भी थे जोकि गायब हैं। लंगूर मालिक की मौत को पुलिस ने हादसा बताया है, जबकि मृतक के परिजन ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस में तहरीर दी है। जिला कलेक्टर बी चन्द्रकला ने जांच के आदेश दिए हैं। इसके बाद पुलिस इस घटना की जांच में जुटी है। जानकारी के अनुसार, मृतक का नाम किशनलाल 60 है। वह मेरठ के थाना मेडिकल क्षेत्र का रहने वाला था। किशनलाल को उसके दो लंगूरों के साथ कताई मिल में विधानसभा चुनावों के बाद रखी गई ईवीएम की सुरक्षा के लिए रखा गया था।

लेकिन अचानक किशनलाल गायब हो गया। मिल परिसर में गुरुवार को जब वह नहीं मिला, तो उसकी तलाश की गई। घंटों की तलाश के बाद कताई मिल में ही गटर के अंदर से किशनलाल का शव निर्वस्त्र अवस्था में मिला। पुलिस ने प्रारंभिक जांच के आधार पर इस घटना को हादसा बताया है, लेकिन परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर घटना की जांच शुरू कर दी है। मेरठ में 11 फरवरी को विधानसभा चुनाव हुए थे।

चुनाव बाद सभी ईवीएम को परतापुर स्थित कताई मिल में बनाए गए स्ट्रांग रूम में सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रखा गया है। कहा जा रहा है कि स्ट्रांग रूम के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को बंदर नुकसान पहुंचा रहे थे। इसलिए प्रशासन ने लंगूर मालिक किशनलाल को उसके दो लंगूरों के साथ यहां रखा था। लेकिन किशनलाल की मौत के बाद से दोनों लंगूर गायब है।

Related Articles

Back to top button