उत्तराखंडटॉप न्यूज़राजनीतिराज्य

उत्तराखंड: त्रिवेंद्र सरकार का तोहफा, रुद्रपुर में बनेगा बालिका स्पोर्ट्स कॉलेज

उत्तराखंड के रुद्रपुर में राज्य सरकार बालिका स्पोर्ट्स कॉलेज बनाएगी। राज्य वार्षिक खेल पुरस्कार वितरण में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने यह घोषणा की। उन्होंने ओलंपियन मनीष रावत व पैरालंपिक बैडमिंटन खिलाड़ी मनोज सरकार को देवभूमि खेल रत्न, अनूप बिष्ट को द्रोणाचार्य अवॉर्ड और अरुण कुमार सूद को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड प्रदान किए। बुधवार को सर्वे चौक स्थित आईआरटीडी ऑडिटोरियम में राज्य वार्षिक खेल पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, खेल मंत्री अरविंद पांडे, मेयर सुनील उनियाल गामा और खेल सचिव बृजेश कुमार संत ने वार्षिक खेल पुरस्कार प्रदान किए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में खेलों के लिए बेहतर माहौल बनाने का प्रयास किया जा रहा है। हम कुछ खेलों पर फोकस कर रहे हैं, जिनमें 2024 के ओलंपिक में मेडल लाने की कोशिश की जाएगी।

खेल मंत्री अरविंद पांडे ने कहा कि खेल महाकुंभ के जरिये राज्य के दूरस्थ क्षेत्रों तक खेल प्रतिभाओं को सामने आने और आगे बढ़ने का मौका दिया जा रहा है। खिलाड़ियों को बेहतर कोचिंग मिल सके, इसके लिए अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर के कोच की व्यवस्था की जा रही है।

करोड़ों का रिंक हो रहा बर्बाद
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने स्पोर्ट्स कॉलेज में बनाए गए करोड़ों के आइस स्केटिंग रिंक के बर्बाद होने पर चिंता जाहिर की। उन्होंने कहा कि करोड़ों की लागत से बनाए गए रिंक का उपयोग नहीं हो पा रहा है। खिलाड़ियों को ट्रेनिंग और प्रतियोगिताओं के आयोजन में इसका फायदा मिल सकता था।

मनोज सरकार ने जताई नाराजगी
देवभूमि खेल रत्न से सम्मानित किए गए पैरालंपिक बैडमिंटन खिलाड़ी मनोज सरकार ने आयोजन के स्तर को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि राज्य खेल पुरस्कार आधे घंटे के समारोह में सरकार ने सम्मान बांटकर औपचारिकता भर निभाई। उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार किसी भी खिलाड़ी के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। इन्हें देने के लिए एक स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाना चाहिए।

Related Articles

Back to top button