राजनीति

कल्याण सिंह ने जतायी उम्मीद सपा में निकलेगा सुलह का रास्ता

मुलायम सिंह यादव के सियासी दांव-पेंच को ठीक से समझने वाले कल्याण सिंह कभी उनके धुर विरोधी रहे तो कभी उनके साथ तालमेल कर सियासी बिसात पर मोहरे भी बिछाए।

06_01_2017-kalyan-singh

लखनऊ । राजस्थान के राज्यपाल और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह को पूरी उम्मीद है कि समाजवादी परिवार में पिता-पुत्र की लड़ाई में सुलह का रास्ता निकल आएगा। मुलायम सिंह यादव के सियासी दांव-पेंच को ठीक से समझने वाले कल्याण सिंह कभी उनके धुर विरोधी रहे तो कभी उनके साथ तालमेल कर सियासी बिसात पर मोहरे भी बिछाए।
अपना 86वां जन्मदिन मना रहे कल्याण सिंह संवैधानिक पद पर होने के नाते राजनीति की बात नहीं करना चाह रहे थे लेकिन, पत्रकारों ने जब समाजवादी कुनबे की कलह की चर्चा शुरू की तो वह बोल पड़े ‘बाप-बेटे की बगावत ठीक नहीं है। हालांकि उन्होंने सुलह की संभावना जताते हुए यह भी कहा कि कोई न कोई बीच का रास्ता जरूर निकल आएगा। पूछा गया कि आपसे जुड़े कार्यकर्ता बड़ी संख्या में आये हैं। चुनावी लिहाज से उन्हें क्या संदेश देंगे। कल्याण ने कहा कि हमारे कार्यकर्ता समझदार हैं और उन्हें किसी संदेश की जरूरत नहीं है।

टिकटार्थियों का जमावड़ा

राजस्थान के राज्यपाल कल्याण सिंह के यहां दो-माल एवेन्यू स्थित सरकारी आवास पर 86वां जन्मदिन मनाया। इस मौके पर 86 किलोग्राम का केक काटा गया। राज्यपाल राम नाईक समेत बड़ी संख्या में सांसद, विधायक और भाजपा से टिकट के दावेदारों ने कल्याण को बधाई दी। बड़ी संख्या में कल्याण सिंह की जाति लोध समाज के लोग भी आए थे। सुबह कल्याण सिंह ने गायत्री परिवार द्वारा आयोजित हवन में भाग लिया। दोपहर तीन बजे उन्होंने केक काटा। इस मौके पर उनके पुत्र व सांसद राजवीर सिंह, फर्रुखाबाद के सांसद मुकेश राजपूत, अलीगढ़ के सांसद सतीश गौतम, बुलंदशहर के सांसद भोला सिंह, फैजाबाद के सांसद लल्लू सिंह समेत कई लोग मौजूद थे। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सूर्य प्रताप शाही, पूर्व संगठन मंत्री राकेश जैन, प्रदेश महामंत्री स्वतंत्र देव सिंह और महापौर डॉ. दिनेश शर्मा समेत कई प्रमुख लोगों ने कल्याण सिंह से मुलाकात कर उन्हें बधाई दी।

कल्याण ने मोदी को दिया रिटर्न गिफ्ट

मोदी ने दो जनवरी को ही कल्याण सिंह को तरजीह देने के साथ ही उनकी सराहना कर जन्मदिन की अग्रिम बधाई दे दी थी। कल्याण सिंह भी रिटर्न गिफ्ट देना नहीं भूले। समारोह के दौरान पत्रकारों ने कहा कि मुख्यमंत्री रहते हुए आपने बेगम हजरत महल पार्क में जो रैली की थी उसका रिकार्ड नहीं टूट पाया। कल्याण ने बात काटी। बोले कि मोदी की रैली हमारी रैली से बहुत बड़ी थी।

मोदी और वसुंधरा ने दी फोन पर बधाई

कल्याण सिंह को सुबह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने दूरभाष पर जन्मदिन की बधाई दी। केंद्र और राजस्थान सरकार के कई मंत्रियों ने उन्हें दूरभाष पर जन्मदिन की बधाई दी। कल्याण ने सभी के प्रति आभार जताया।

Related Articles

Back to top button