बिहारराज्य

कुएं में गिरी महिला के रेस्क्यू का VIDEO:30 फीट गहरे कुएं में गिरी महिला, 6 फीट पानी भी भरा था, NDRF ने मशक्कत कर 4 घंटे में निकाला

NDRF ने पटना के बिहटा में कुएं में गिरी एक महिला को रेस्क्यू किया है। महिला जिस कुएं में गिरी थी, वह 30 फीट गहरा था और उसमें 5-6 फीट तक पानी भरा था। इसमें विषैली गैस की भी संभावना थी। आसपास के लोग जब महिला को निकालने में कामयाब नहीं हुए तो बिहटा स्थित NDRF कैंप को जानकारी दी। टीम तुरंत मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। करीब चार घंटे बाद महिला को निकाल कर अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में उसकी हालत स्थिर बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार मामला बिहटा प्रखंड स्थित परेव गांव का है। गांव की 35 वर्षीय सीमा देवी सुबह ही घर के पास के कुएं में गिर गई। महिला के गिरते ही आस-पास के लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, किंतु कुआं संकरा और गहरा था। साथ ही, बहुत पुराना होने के कारण अंदर विषैली गैस की भी संभावना थी। इस कारण कोई भी अंदर जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा था।

इस बीच ग्रामीणों ने रस्सी से टायर को बांध कर अंदर गिरी महिला को सहारा देने का प्रयास किया। साथ ही स्थानीय थाना को भी सूचित किया गया। इस बीच NDRF कैंप में संपर्क कर इस घटना की जानकारी दी। टीम कमांडर मालिक कुमार के नेतृत्व में एक बचाव दल अविलंब घटना स्थल पर पहुंचा।

उन्होंने स्थिति का जायजा लिया और पहले कुएं के अंदर से किसी भी संभावित जहरीले गैस को बाहर निकालने का प्रबंध किया। कुएं के अंदर अपने मशीनों से बाहरी स्वच्छ हवा भरी। इसके बाद बचाव दल के आशुतोष कुमार ने रस्सी के सहारे कुएं में प्रवेश किया तथा पीड़िता को रस्सी की मदद से बेसुध हालत में कुएं से बाहर निकाला। उन्हें तुरंत एंबुलेंस से बिहटा सदर अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने निरीक्षण के बाद महिला की हालत स्थिर बताई गई।

इस रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद NDRF, 9वीं बटालियन के कमाण्‍डेंट विजय सिन्हा ने टीम के सभी बचावकर्मियों के काम की सराहना की।

 

खबरें और भी हैं…

Related Articles

Back to top button