राज्यराष्ट्रीय

गर्मी से बेहाल दिल्लीवाले, 2 जुलाई को बारिश की संभावना

नई दिल्ली। दिल्ली वासियों को अभी दो-तीन दिन उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 2 जुलाई को बारिश की संभावना बन रही है। सोमवार को भी मानसून की बेरुखी का सामना राजधानी के लोगों को करना पड़ा। पूरे दिन तेज धूप हवा में नमी की अधिकता और शुष्क मौसम के चलते लोगों को पसीने पसीने होना पड़ा।

बता दें कि सोमवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 40.2 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 27.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हवा में नमी का स्तर 38 से 79 रहा।

दिल्ली के पीतमपुरा में अधिकतम तापमान सर्वाधिक 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश 41 और 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

दूसरी तरफ स्काईमेट वेदर के उपाध्यक्ष महेश रावत ने बताया कि मानसून अभी बहुत ही कमजोर चल रहा है। नई स्थितियों के मुताबिक दिल्ली में इसका 7 या 8 जुलाई से पहले आगमन नहीं होगा। मतलब दिल्ली में इसकी दस्तक जुलाई के दूसरे सप्ताह तक ही संभव है। अलबत्ता 2 जुलाई से हल्की बारिश का दौर शुरू हो सकता है।

Related Articles

Back to top button