अन्तर्राष्ट्रीयफीचर्ड

घुसपैठ को लेकर राजनाथ सिंह ने चीन को चेताया

rajnath_Fलेह। गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि चीन ने लद्दाख के हिस्से अक्साई चिन पर गैरकानूनी तरीके से कब्जा जमा रखा है। चीनी सेना की ओर से लगातार हो रही घुसपैठ पर उन्होंने आगाह किया कि ऐसी कोई भी कोशिश दोस्ताना संबंधों के लिए शुभ संकेत नहीं होगी। राजनाथ इससे पहले भारतीय क्षेत्र में किसी भी तरीके के निर्माण कार्य के लिए चीन को चेतावनी दे चुके हैं। गुरुवार को यहां एक रैली में उन्होंने कहा कि धारा 370 की वजह से जम्मू-कश्मीर में कई विकास योजनाएं नहीं चलाई जा सकीं। लिहाजा आगामी चुनाव में जनता भाजपा को वोट दे, जिसने 73वें संविधान संशोधन को पूरा करने का वादा किया है। राजनाथ ने कहा कि अगर दोनों देश सीमा मुद्दे का सही तरीके से हल निकाल लेते हैं तो संबंध नई ऊंचाई पर पहुंच सकते हैं। इससे पहले राजनाथ ने बुधवार को एक रैली में कहा था कि धारा 370 पर भाजपा सिर्फ बहस चाहती है, इस पर अंतिम फैसला राज्य की जनता करेगी।

37244 वर्ग किमी में फैले अक्साई चिन इलाके को भारत जम्मू-कश्मीर के सुदूर पूर्व भाग लद्दाख का हिस्सा बताता है। निर्जन पर्वतीय इलाके की अधिकतम ऊंचाई 6900 मीटर तक है। अभी यह इलाका चीन के नियंत्रण में है। वह इसे शिनजियांग स्वायत्तशासी क्षेत्र के होतान प्रांत का हिस्सा मानता है। चीन और भारत के बीच 1962 में इसको लेकर युद्ध भी हो चुका है। भारत अक्साई चिन और अरुणाचल प्रदेश पर चीन के दावे को खारिज करता रहा है। एजेंसी

Related Articles

Back to top button