उत्तर प्रदेशराज्य

घोड़ी भी नहीं चढ़ सका दूल्हा तो बोली दुल्हन- शादी नहीं करूंगी

शाहजहांपुर. यूपी के शाहजहांपुर में एक एक दूल्हा घोड़ी पर नहीं चढ़ पा रहा था तो दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया। इसको लेकर खूब विवाद हुआ, पर दुल्हन अपने फैसले से टस से मस नहीं हुई। आखिरकार दूल्हा बिना शादी किये ही बारात लेकर बैरंग वापस लौट गया। यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।

दूल्हे के अंदर किसी प्रकार की शारीरिक कमी नहीं थी। बारात में दूल्हे ने इतनी अधिक शराब पी ली थी कि वह घोड़ी पर भी नहीं चढ़ पा रहा था। घोड़ी पर बैठने के दौरान वह कई बार गिर गया। दूल्हे को इस हालत में देखकर दुल्हन ने कड़ा फैसला लिया।

यह शादी शाहजहांपुर जिले के सदर बाजार में एक मैरिज लाॅन में गुरुवार की रात हो रही थी। गुरुवार की शाम दूल्हा भी खूब बैंड बाजे और धूम-धड़ाके के साथ बारात लेकर मैरिज लाॅन में पहुंचा। आरोप है कि दूल्हे ने इतनी ज्यादा शराब पी रखी थी कि द्वारचार के लिये बारात चढ़ने के वक्त जब दूल्हे को घोड़ी पर बैठना हुआ तो नशे की हालत में होने के चलते वह ठीक से घोड़ी पर भी नहीं चढ़ पा रहा था और कई बार गिरा।

किसी तरह द्वारचार की रस्म पूरी हुई और नशे की हालत में लड़खड़ाता हुआ दूल्हा स्टेज पर पहुंचा और उसी हालत में दुल्हन को वरमाला पहना दी। जब सब दावत खाकर जा चुके तो लड़के और लड़की वाले ही बचे। दूल्हे के आचरण से नाराज दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया। लड़की के परिजनों ने भी उसके फैसले का साथ दिया। हालांकि वर पक्ष नहीं माना और दबाव बनाने की कोशिश की। इसके बाद लड़की पक्ष शादी की रस्में रुकवा दीं और पुलिस को बुला लिया।

शुक्रवार को उस्मानाबाद पुलिस चौकी में दोनों पक्षों की पंचायत चली। वहां दोनों एक दूसरे का सामान लौटाने पर राजी हुए। स्थानीय इंस्पेक्टर ने मीडिया से कहा कि दोनों पक्षों में समझौता हो गया। लड़की पक्ष ने कोई मुकदमा नहीं दर्ज कराया।

Related Articles

Back to top button