राजनीति

चुनाव आयोग को धृतराष्ट्र कहने पर केजरीवाल के खिलाफ मामला दर्ज…

भाजपा को बताया दुर्योधन

नई दिल्ली (एजेंसी)। पहले से मानहानि के मुकदमें का सामना कर रहे दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को चुनाव आयोग को धृतराष्ट्र और भाजपा को दुर्योधन कहना महंगा पड़ सकता है। भाजपा ने सीएम केजरीवाल और डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया के खिलाफ चुनाव आयोग, दिल्ली राज्य चुनाव आयुक्त और संसद मार्ग थाने में शिकायत दर्ज कराई है। भाजपा की लीगल कमेटी ने चुनाव आयोग में सीएम केजरीवाल के उस बयान की शिकायत की है जिसमें उन्होंने चुनाव आयोग को धृतराष्ट्र और भाजपा को दुयोर्धन कहा था।

दिल्ली के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री की ओर से बिजली-पानी की कीमतों को लेकर भाजपा पर भ्रामक आरोप लगाये जाने पर आपत्ति जताई गई है, दोनों नेताओं के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने आरोप लगाया कि केजरीवाल सरकार लोगों को धमका रही है।

दरअसल आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में कई जगहों पर होर्डिंग लगाई हैं जिसमें ये कहा गया है कि अगर एमसीडी चुनाव में भाजपा जीतती है तो पानी और बिजली के दाम बढ़ाएगी जिसको लेकर भाजपा ने गंभीर आपत्ति जाहिर की है। मनोज तिवारी ने दिल्ली सरकार से पूछा कि जब बिजली और पानी दिल्ली सरकार के अधीन है तो फिर एमसीडी के चुनाव में इसका इस्तेमाल क्यों किया गया। भाजपा ने अपनी लीगल टीम को भेजा और अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया के खिलाफ शिकायत दर्ज कर दी है।

Related Articles

Back to top button