राज्यराष्ट्रीय

जीत के नशे में चूर हैं भाजपा नेताः सपा

20 Rajendra chaudhariलखनऊ। लोकसभा चुनाव में बुरी हार का सामना करने वाली समाजवादी पार्टी (सपा) ने कहा कि चुनाव परिणाम आने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उत्तर प्रदेश इकाई के नेता जो अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं, उससे लगता है कि उनके दिमाग में जीत का नशा चढ़ गया है। सपा के प्रदेश प्रवक्ता एवं कैबिनेट मंत्री राजेंद्र चौधरी ने कहा कि चुनावों में हार-जीत एक स्वाभाविक प्रक्रिया है। 2014 के लोकसभा चुनावों में भाजपा को कांग्रेस कुशासन की प्रतिक्रिया में जीत मिली, लेकिन अब उसके उत्तर प्रदेश इकाई के नेता जो अनर्गल बयानबाजी करने लगे हैं, उससे लगता है कि जीत का नशा उनके दिमाग पर चढ़ गया है। अहंकार का ऐसा प्रदर्शन अशोभनीय और अलोकतांत्रिक है। चौधरी ने कहा कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष को अभी ही तीन साल आगे का सपना नजर आने लगा है। उन्हें अपने चश्मे के रंग में ही पूरा उत्तर प्रदेश रंगा नजर आता है। जाने कहां से उन्हें सरकार में अंतर्विरोध भी दिखाई देने लगा है। उन्होंने कहा कि भाजपा के भूतपूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह उत्तर प्रदेश में नया जनादेश लेने की सलाह मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को दे रहे हैं। उन्हें बहुमत की सपा सरकार अस्तित्वहीन दिखाई देने लगी है। चौधरी ने कहा कि यह कैसी विडम्बना है कि नरेंद्र मोदी संसद भवन की चौखट पर पहुंचते ही उसका नमन करते हैं और लोकतंत्र के प्रति अपनी निष्ठा जताते हैं, लेकिन लगता है भाजपा के प्रदेश नेताओं ने यह सब नहीं देखा। वे विपरीत आचरण कर रहे हैं। प्रदेश भाजपा नेताओं के इस तरह के व्यवहार पर भाजपा के केंद्रीय नेताओं को संज्ञान लेना चाहिए।

Related Articles

Back to top button