अन्तर्राष्ट्रीयब्रेकिंग

टू प्लस टू वार्ता : पेंटागन पहुंचने पर राजनाथ सिंह का 21 तोपों की सलामी के साथ स्वागत

वाशिंगटन : अमेरिकी विदेश मंत्रालय के मुख्यालय फॉगी बॉटम में भारत और अमेरिका के बीच टू प्लस टू वार्ता बुधवार को शुरू हो गई। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और विदेश मंत्री एस जयशंकर इस वार्ता में अपने अमेरिकी समकक्ष मार्क एस्पर और माइक पोंपियो से द्विपक्षीय, क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा कर रहे हैं। दोनों देशों के बीच मंत्री स्तरीय यह दूसरी वार्षिक वार्ता है।

पहली वार्ता नई दिल्ली में हुई थी। वार्ता में चारों नेताओं के साथ दोनों देशों के उच्च अधिकारी भी हिस्सा ले रहे हैं, जो आपसी सहयोग बढ़ाने की संभावनाओं पर विचार कर रहे हैं। दोनों देशों के मंत्री और अधिकारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की इस साल चार मुलाकातों में लिए फैसलों के अमल पर भी चर्चा कर रहे हैं।

दोनों नेताओं ने वर्ष 2020 के लिए सहयोग के बिंदु तय किए हैं। फॉगी बॉटम में संयुक्त वार्ता से पहले रक्षा मंत्रियों और विदेश मंत्रियों की अलग-अलग बैठक भी हुई। इससे पहले अमेरिकी रक्षा मंत्रालय के मुख्यालय पेंटागन पहुंचने पर राजनाथ सिंह का स्वागत 21 तोपों की सलामी के साथ हुआ। यहां पर दोनों मंत्रियों ने हिंद और प्रशांत महासागर क्षेत्र की सुरक्षा पर महत्वपूर्ण चर्चा की। इसी समय नजदीक बह रही पोटोमैक नदी के पार बने विदेश मंत्रालय के मुख्यालय में दोनों देशों के विदेश मंत्री आपसी हितों की चर्चा कर रहे थे।

Related Articles

Back to top button