छत्तीसगढ़राज्य

दुर्ग में नौकरी पाने का बड़ा मौका! 26 नवंबर को लगेगा संभागीय रोजगार मेला, 95 पदों पर होगी भर्ती

दुर्ग: जिले में नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए रोजगार पाने का अवसर मिलने जा रहा है। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र की ओर से 26 नवंबर को मालवीय नगर, दुर्ग स्थित कार्यालय परिसर में संभाग स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। इस मेले के माध्यम से निजी क्षेत्र की कंपनियां विभिन्न पदों पर योग्य उम्मीदवारों का चयन करेंगी।

10वीं से इंजीनियरिंग तक के उम्मीदवार कर सकेंगे आवेदन

जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र से मिली जानकारी के मुताबिक, अब तक निजी क्षेत्र के चार नियोजकों से कुल 95 तकनीकी और गैर-तकनीकी रिक्तियां प्राप्त हुई हैं। इन पदों के लिए 10वीं, 12वीं, स्नातक, आईटीआई, डिप्लोमा, इंजीनियरिंग सहित अन्य योग्यताएं रखने वाले अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं।

कंपनियों के लिए पोर्टल पर पंजीयन अनिवार्य

रोजगार मेले के जरिए अपने संस्थानों में खाली पदों को भरने के इच्छुक निजी नियोजकों को छत्तीसगढ़ रोजगार विभाग के ई-रोजगार पोर्टल पर रिक्तियों की जानकारी उपलब्ध करानी होगी। इसके लिए पोर्टल पर रोजगार मेले के तहत पंजीयन अनिवार्य है। नियोजकों को पंजीयन के दौरान जीएसटी क्रमांक और जरूरी दस्तावेज भी अपलोड करने होंगे।

ऑनलाइन आवेदन के बाद दस्तावेजों के साथ पहुंचें अभ्यर्थी

रोजगार मेले में उपलब्ध रिक्तियों का विवरण छत्तीसगढ़ रोजगार विभाग की वेबसाइट और छत्तीसगढ़ रोजगार एप पर देखा जा सकता है। इच्छुक उम्मीदवार अपनी योग्यता के अनुसार पदों की जानकारी लेकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। ई-रोजगार पोर्टल पर उपलब्ध पदों के लिए आवेदन करने से पहले रोजगार पंजीयन कराना जरूरी है।

26 नवंबर को यहां पहुंचना होगा

रोजगार मेले में शामिल होने के इच्छुक अभ्यर्थी ऑनलाइन आवेदन करने के बाद 26 नवंबर को निर्धारित स्थल जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, मालवीय नगर चौक, दुर्ग में अपने सभी शैक्षणिक दस्तावेजों के साथ उपस्थित हो सकते हैं। मेले से संबंधित अतिरिक्त जानकारी के लिए अभ्यर्थी जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, दुर्ग से संपर्क कर सकते हैं।

Related Articles

Back to top button