फीचर्डब्रेकिंगराज्य

दो हिस्सों में बंटी पंजाब मेल, 17 डिब्बे पहुंचे हरदा रेलवे स्टेशन, सात जंगल में

भोपाल : हरदा रेलवे स्टेशन से पहले एक बड़ा हादसा होते होते टल गया। फिरोजपुर से मुम्बई जा रही पंजाब मेल अचानक 2 हिस्सों में बंट गई। बताया जा रहा है कि कपलिंग टूटने के कारण ट्रैन 2 हिस्सों में बंट गई जिसके बाद इंजन समेत 17 डिब्बे स्टेशन तक पहुंच गए, जबकि 7 डिब्बे कुछ दूर पहले जंगल में ही छूट गए। मामले की सूचना मिलते ही रेल विभाग में हड़कंप मच गया। तत्काल सुधार कार्य शुरू किया गया। ट्रेन को पीछे लाकर बाकी डिब्बों से उससे जोड़ा गया। रेलवे ने कहा कि तकनीकी खामी की वजह से यह घटना हुई। पंजाब के फिरोजपुर से मुंबई जा रही 12138 अप पंजाब मेल में तकनीकी खराबी की वजह से कपलिंग टूट गई। कपलिंग टूटने से गार्ड की बोगी और उससे जुड़े 7 कोच इंजन से अलग हो गए और ट्रेन दो हिस्सों में बंट गयी। हरदा स्टेशन से 500 मीटर दूर 7 कोच रह गए। इंजन सहित सभी कोच को लेकर ट्रेन हरदा स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर पहुंच गयी। अचानक हुई इस घटना से रेल विभाग और यात्रियों के बीच हड़कंप मच गया। रेलवे विभाग के कर्मचारी फौरन मौके पर पहुंचे। पंजाब मेल को हरदा स्टेशन से वापस पीछे लाया गया और पीछे छूट गए 7 कोच से जोड़ने के लिए काम शुरू किया गया।

रेलवे के कर्मचारियों ने कपलिंग बदली और पीछे रह गए डिब्बों से ट्रेन के बाकी हिस्से से जोड़ा गया। वहीं ट्रेन के यात्रियों का कहना है ट्रेन धीमी थी इसलिए हादसा नहीं हुआ। अगर ट्रेन की गति तेज होती तो बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। दिल्ली से नासिक जा रहे एक यात्री ने बताया कि अचानक झटका लगा और कोच अलग हो गए। उस वक्त सभी यात्री गहरी नींद में थे। बताया जा रहा है कि पंजाब मेल एक्सप्रेस की एस-5 और एस-6 से लगी बोगियां इंजन से कटकर अलग हो गई थीं। कुछ यात्रियों ने बड़ी दुर्घटना टालने के लिए ईश्वर का आभार माना। ग्वालियर से नासिक जा रहे रेल यात्री अमित सिंह कौरव ने बताया कि बोगी में सवार सभी यात्री सो रहे थे। अचानक जोर का झटका लगा और सब डर गए। बाहर देखा तो अंधेरा था। इंजन कुछ डिब्बों को लेकर आगे निकल गया था। सब घबरा गए। इस मामले में रेलवे की लापरवाही भी है। वहीं महिला यात्री रीना के मुताबिक ट्रेन में सब सो रहे थे। अचानक ही हड़कंप मच गया। सब खौफ में आ गए थे लेकिन ऐसा नहीं होना चाहिए।

Related Articles

Back to top button