बिहारराज्य

नेपाल बॉर्डर तक आसान होगा सफर! 602 करोड़ से बना स्टेट हाईवे-99, PM मोदी 21 नवंबर को करेंगे उद्घाटन

पूर्णिया: बिहार के सीमांचल क्षेत्र को बड़ी सड़क परियोजना की सौगात मिलने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को वैशाली से वर्चुअल माध्यम के जरिए बायसी-दिघलबैंक स्टेट हाईवे-99 का उद्घाटन करेंगे। करीब 602 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह सड़क पूर्णिया और किशनगंज जिलों के बीच आवागमन को आसान बनाने के साथ भारत-नेपाल सीमा तक सीधा संपर्क उपलब्ध कराएगी। इसके अलावा यह दो राष्ट्रीय राजमार्गों को भी आपस में जोड़ेगी।

65.350 किलोमीटर लंबा यह स्टेट हाईवे बायसी से शुरू होकर बहादुरगंज होते हुए दिघलबैंक और भारत-नेपाल सीमा तक जाता है। सामरिक और व्यापारिक लिहाज से इस सड़क को सीमांचल के लिए महत्वपूर्ण परियोजना माना जा रहा है। इसके शुरू होने से दोनों जिलों में परिवहन, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

बाढ़ प्रभावित इलाकों में भी सालभर सुगम रहेगा आवागमन

स्टेट हाईवे-99 का सबसे बड़ा फायदा सीमांचल के उन इलाकों को मिलेगा, जहां बारिश और बाढ़ के दौरान सड़क संपर्क बाधित हो जाता था। बायसी से दिघलबैंक तक का बड़ा हिस्सा डूब क्षेत्र में आता है। बाढ़ के समय इन इलाकों में लोगों को आवागमन में काफी परेशानी होती थी।

नई सड़क बनने से इस समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। यह मार्ग अमौर, रौटा, तुलसिया और हरवाडंगा होते हुए भारत-नेपाल सीमा सड़क से जुड़ता है। इससे सीमावर्ती और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को बेहतर सड़क संपर्क मिलेगा। स्थानीय स्तर पर व्यापार और आर्थिक गतिविधियों के विस्तार की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।

65 किलोमीटर से ज्यादा सड़क का काम पूरा, उद्घाटन की तैयारी अंतिम चरण में

बायसी-बहादुरगंज-दिघलबैंक मार्ग के चौड़ीकरण और विस्तार का काम पूरा कर लिया गया है। सड़क पर प्रकाश व्यवस्था का काम भी पूरा हो चुका है, जबकि रंग-रोगन से जुड़ा काम जारी है।

बिहार स्टेट रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन के तकनीकी उप महाप्रबंधक मुकेश कुमार के मुताबिक, स्टेट हाईवे-99 का उद्घाटन 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। वैशाली में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री वर्चुअल माध्यम से इस सड़क परियोजना का लोकार्पण करेंगे।

दो राष्ट्रीय राजमार्गों से जुड़ेगा स्टेट हाईवे-99

इस सड़क की अहमियत इसलिए भी बढ़ जाती है, क्योंकि यह दो राष्ट्रीय राजमार्गों को जोड़ती है। बायसी में इसका संपर्क राष्ट्रीय राजमार्ग-27 से होता है, जबकि यह एनएच-27ई यानी अररिया-गललिया मार्ग से भी जुड़ता है। बहादुरगंज के रास्ते यह सड़क भारत-नेपाल सीमा तक पहुंचती है।

रौटा, अमौर और बहादुरगंज इस मार्ग के प्रमुख बाजार हैं। सड़क संपर्क बेहतर होने से इन बाजारों में व्यापारिक गतिविधियां बढ़ने और आसपास के क्षेत्रों को नए आर्थिक अवसर मिलने की उम्मीद है।

स्कूल, अस्पताल से लेकर कारोबार तक को मिलेगा फायदा

स्टेट हाईवे के निर्माण से स्थानीय लोगों की रोजमर्रा की आवाजाही भी आसान होगी। विद्यार्थियों को स्कूल और कॉलेज पहुंचने में सुविधा मिलेगी, वहीं मरीजों को अस्पताल तक पहुंचने के लिए बेहतर सड़क मिलेगी।

इसके अलावा सड़क के किनारे नए बाजार और कारोबारी गतिविधियां विकसित होने लगी हैं। होटल, पेट्रोल पंप और वाहन संबंधी दुकानों के खुलने से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ने की संभावना है। पूर्णिया और किशनगंज के बीच बेहतर संपर्क से सीमांचल के विकास और व्यापार को भी नई गति मिल सकती है।

Related Articles

Back to top button